तेज-रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग नाले में गिरा, मौत:बदायूं में कोर्ट की तारीख करने आए थे, गाड़ी लेकर युवक फरार

बदायूं में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई। टक्कर के बाद बुजुर्ग नाले में जा गिरे। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसा थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के इंदिरा चौक के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, पैदल जा रहे एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क किनारे बने नाले में जा गिरे। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बुजुर्ग को नाले से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पहले मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, इसलिए पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया था। बाद में जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान दातागंज कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी राधेश्याम (70) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि राधेश्याम किसी मामले की तारीख करने के लिए कोर्ट आए थे। इसी दौरान इंदिरा चौक के पास यह हादसा हो गया। पहचान होने के बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।