थाने में बेटी बोली- सिपाही संग रहूंगी, पिता बेहोश:झांसी में वनकर्मी से सगाई, अगले दिन भागकर शादी कर ली

झांसी के बबीना थाने में पिता के सामने बेटी, सिपाही के साथ जाने की जिद पर अड़ गई। मनाने के बाद भी वह नहीं मानी। मान-मनौव्वल का दौर चल रहा था, तभी अचानक पिता की तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़े। पहले चर्चा थी कि पिता ने जहर खा लिया। पुलिस आनन-फानन में उन्हें सीएचसी ले गई, जहां से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, जहर की पुष्टि नहीं हुई। दरअसल, पिता ने बेटी का रिश्ता वनकर्मी से तय किया था, लेकिन वह सिपाही से प्यार करती थी। 3 दिसंबर को लड़की की सगाई हुई। अगले दिन वह घर से भाग गई और प्रयागराज के मंदिर में सिपाही के साथ सात फेरे लिए। इतना ही नहीं, हाईकोर्ट में सुरक्षा की गुहार लगाते हुए याचिका भी दाखिल कर दी। उधर, पिता ने 6 दिसंबर को सिपाही पर बेटी की हत्या करने के लिए अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। इसके बाद सिपाही ने थाना प्रभारी को कॉल किया। कहा कि लड़की मेरे साथ है। बुधवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। करीब एक घंटे तक पंचायत चली, लेकिन युवती ने पिता की बात नहीं मानी। वह कहने लगी कि वह सिपाही के साथ ही रहेगी। घटना से जुड़ी दो तस्वीरें देखिए- 6 साल से सिपाही से अफेयर था
बबीना के मुरारी गांव की रहने वाली नम्रता (22) ने पुलिस को बताया- मैं बीए पास हूं। गांव के गोलू भार्गव से मेरी 6 साल पहले दोस्ती हो गई। हम दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। बाद में दोस्ती प्यार में बदल गई। गोलू, कानपुर की 37वीं पीएसी वाहिनी में सिपाही है। हम दोनों शादी करना चाहते थे। जब मैंने अपने परिवार को बताया तो वे इस रिश्ते से खुश नहीं थे। मैं एक साल से परिवार को मना रही थी, मगर वे शादी के लिए राजी नहीं हो रहे थे। इस बीच उन्होंने मेरा रिश्ता वन विभाग के सरकारी कर्मचारी से तय कर दिया। भागकर प्रयागराज में शादी की
नम्रता ने बताया- 3 दिसंबर को मेरी सगाई हुई, मगर मैं अपना प्यार हर कीमत पर पाना चाहती थी। 4 दिसंबर को मैं घर से बहाना बनाकर निकली और अपने बॉयफ्रेंड गोलू को बुला लिया। फिर मैं उसी के साथ चली गई। मैं और गोलू प्रयागराज हाईकोर्ट पहुंचे। वहां 5 दिसंबर को मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। फिर हमने हाईकोर्ट में सुरक्षा की गुहार लगाते हुए याचिका दाखिल कर दी। पिता ने FIR कराई तो सिपाही सामने आया
उधर, युवती के पिता ने 6 दिसंबर को सिपाही पर बेटी की हत्या करने के लिए अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने छानबीन शुरू की। 8 दिसंबर को बबीना थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय को वीडियो कॉल करके सिपाही ने युवती को सुरक्षित बताया। दोनों पक्षों को पुलिस ने थाने बुलाया। बुधवार दोपहर सिपाही गोलू युवती के साथ बबीना थाने पहुंचा। यहां दोनों ने खुद को बालिग बताते हुए शादी करने की बात कही। सूचना पर युवती के पिता, अन्य परिजन के साथ थाने पहुंच गए। परिजन उसे अपने साथ ले जाना चाहते थे। काफी समझाने की कोशिश की गई, लेकिन युवती बॉयफ्रेंड के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। करीब एक घंटे तक पंचायत चली। युवती का रवैया देखकर पिता की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनके बेटे ने जहर निगलने की बात कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाने पर जहर निगलने की पुष्टि नहीं हुई। थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय का कहना है- युवती के पिता को बीपी की समस्या थी। इसी वजह से उनकी तबीयत खराब हुई। अब उनकी तबीयत ठीक है। युवती ने सिपाही से शादी कर ली है। वह बालिग है, इसलिए अपनी मर्जी से सिपाही के साथ चली गई। ………………………………………………..
ये खबर भी पढ़िए- ‘मेरी वाइफ को कोई होटल ले जाए, मुझे पसंद नहीं’:वाराणसी में युवक ने चलती बाइक से VIDEO बनाकर जान दी; लव मैरिज की थी वाराणसी में एक युवक ने पत्नी की बेवफाई से दुखी होकर जान दे दी। उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मौत से पहले युवक ने बाइक चलाते हुए साढ़े सात मिनट का वीडियो बनाया। युवक ने पत्नी के साथ अपने संबंधों और 498A (दहेज उत्पीड़न) कानून के दुरुपयोग के बारे में बात की। यह भी कहा कि पत्नी का एक लड़के से अफेयर है। वह बेटे से भी नहीं मिलने दे रही है। पढ़ें पूरी खबर