थाने से 200 मीटर दूर मंदिर में चोरी:राधा कृष्ण मंदिर से दान पेटी और गर्भगृह से हजारों की नकदी चोरी

कानपुर के चकेरी थाना से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित राधा कृष्ण मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने मंदिर में रखी दो दान पेटियों और गर्भगृह का ताला तोड़कर हजारों रुपये की नकदी चुरा ली। बुधवार सुबह मंदिर के पुजारी के पहुंचने पर घटना का पता चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सनिगवां के भाभानगर निवासी पुजारी महेश शास्त्री ने बताया कि वे बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें मंदिर की दो दान पेटियां और गर्भगृह का ताला टूटा हुआ मिला। चोरों ने लेबर रूम में रखे 7 हजार रुपये और दान पेटियों से हजारों रुपये चुराए। हालांकि, पुलिस को दी गई तहरीर में चोरी की गई राशि 20-25 हजार रुपये बताई गई है। पुजारी के अनुसार, चोर मंदिर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया। वे मंदिर के अंदर रखे पीतल के भगोने भी बाहर फेंककर भाग गए। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। उन्होंने जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। इसी बीच, रामादेवी चौराहे पर अराजकता और अव्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इलाके के रमेश कुमार, अर्पित सिंह और राजेश यादव ने बताया कि सब्जी मंडी की आड़ में चोर राहगीरों और दुकानदारों को निशाना बनाते हैं। उनका कहना है कि अराजकता हटाने के लिए कई बार निरीक्षण हुए, लेकिन चौराहे की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। चौराहे पर अक्सर जाम लगता है, जिससे कई बार एंबुलेंस भी फंस जाती हैं। आरोप है कि चौराहे पर मौजूद ट्रैफिककर्मी मूकदर्शक बने रहते हैं। इसके साथ नगर निगम और पुलिस के अफ़सर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान नहीं चलाते।