दरोगा ने लापता पत्नी की बरामदगी के लिए मांगी रिश्वत:पति ने वीडियो जारी कर न्याय मांगा, जांच में जुटी पुलिस

बागपत में एक व्यक्ति ने अपनी लापता पत्नी की बरामदगी के लिए एक दरोगा पर एक लाख रुपए की रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। पति राधेश्याम कश्यप ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राधेश्याम कश्यप का आरोप है कि टांडा चौकी, थाना छपरौली के एक दरोगा ने उनकी छह बच्चों की मां पत्नी की बरामदगी के लिए रिश्वत मांगी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी को एक महिला सहित तीन लोग बहला-फुसलाकर ले गए थे और वह पिछले 11 महीनों से उनकी तलाश कर रहे हैं। राधेश्याम के अनुसार अधिकारियों से कई बार गुहार लगाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित दरोगा लगातार उन्हें परेशान कर रहा है और धमका रहा है। वीडियो में उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वह अपने बच्चों के साथ यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या कर लेंगे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि आरोपों की सच्चाई का पता लगाया जा रहा है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।