दिल्ली कार ब्लास्ट-रामपुर के दो इमाम हिरासत में:दोनों दढ़ियाल के रहने वाले, NIA ने हल्द्वानी-नैनीताल से उठाया

दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट के तार रामपुर से जुड़ गए हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बीते शुक्रवार रात हल्द्वानी और नैनीताल से दो इमामों को हिरासत में लिया है। ये दोनों इमाम मूल रूप से रामपुर के रहने वाले हैं। NIA की टीम आतंकियों की तलाश में गुपचुप तरीके से रामपुर में डेरा डाले हुए है। दिल्ली कार ब्लास्ट में फिदायीन आतंकी डॉ. उमर नबी के मोबाइल फोन से मिली कॉल डिटेल्स से अहम सुराग मिले हैं। इसके बाद NIA और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी टीमें पिछले तीन दिनों से रामपुर जिले में गोपनीय तरीके से जांच कर रही हैं। टीमें टांडा, दढ़ियाल और शाहबाद क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों पर नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने शुक्रवार रात हल्द्वानी के बनभूलपुरा स्थित बिलाल मस्जिद के इमाम मोहम्मद आसिम कासमी को हिरासत में लिया। नैनीताल मस्जिद के इमाम नईम से भी पूछताछ की जा रही है। ये दोनों दढ़ियाल, रामपुर के निवासी हैं। हालांकि, NIA ने अभी तक रामपुर से सीधे कोई गिरफ्तारी नहीं की है। NIA की हिरासत में लिए गए दढ़ियाल निवासी मौलाना मोहम्मद आसिम चार भाई हैं। उनके तीन भाई और पिता मदरसे में पढ़ाते हैं। मौलाना मोहम्मद आसिम लगभग 15 साल पहले दढ़ियाल छोड़कर हल्द्वानी चले गए थे। इस साल की शुरुआत में वह अपने पैतृक घर दढ़ियाल आए थे। मौलाना आसिम के परिजनों के अनुसार, उनके सबसे बड़े भाई कासिम मदरसा कुंदरकी में पढ़ाते हैं। मोहम्मद आसिम हल्द्वानी में इमाम हैं। तीसरे भाई सलीम हसन का मजरा, मसवासी के मदरसे में पढ़ाते हैं, जबकि चौथे भाई नाजिम दढ़ियाल के मदरसे में पढ़ाने के साथ-साथ मस्जिद के इमाम भी हैं। उनके पिता भी इसी मदरसे में पढ़ाते हैं। मौलाना आसिम का विवाह 10 साल पहले हुआ था और उनके पांच बच्चे हैं, जिनमें दो लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं। परिवार ने बताया कि NIA की टीम उनके घर नहीं आई है।