दिल्ली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर स्थित शालीमार गार्डन के भाटी गेट के पास एक राहगीर से लूट की घटना सामने आई है। इस वारदात में मनोज नामक व्यक्ति से मोबाइल फोन और नकदी लूट ली गई। पीड़ित मनोज बॉर्डर क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और कथित रूप से लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दो युवक एक व्यक्ति को घेरते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पार्षद रवि भाटी ने पोस्ट कर आरोप लगाया कि इलाके में कुछ युवक सक्रिय हैं और राह चलते लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है और दोनों संदिग्ध युवकों की पहचान करने का प्रयास जारी है।