दिल्ली धमाके बाद मिर्जापुर पुलिस हाई अलर्ट पर:विंध्याचल धाम सहित संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान जारी

दिल्ली में हुए धमाके के बाद मिर्जापुर पुलिस प्रशासन ने मंगलवार को जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विंध्याचल धाम सहित सभी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने पैदल गश्त कर आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। यह अभियान दिल्ली में सोमवार को हुए धमाके के बाद शासन स्तर से जारी सतर्कता निर्देशों के क्रम में चलाया गया। इन निर्देशों के बाद जनपद पुलिस पूरी तरह चौकन्नी हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। एसपी सिटी नितेश सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को विंध्याचल धाम क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त और चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस बल ने मंदिर परिसर, गंगा घाटों, श्रद्धालु आवासों और आसपास के मार्गों पर विशेष निगरानी रखी। इस दौरान आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के सामान और वाहनों की गहन जांच की गई, साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई। पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए प्रभारी अभिसूचना इकाई, एंटी सेबोटाज टीम और डॉग स्क्वाड को भी तैनात किया गया। इन विशेष टीमों ने विंध्याचल रेलवे स्टेशन, चुनार रेलवे स्टेशन, माँ शीतला धाम अदलपुरा, स्वामी परमहंस आश्रम सक्तेशगढ़, मंडी के पास, विशाल मेगा मार्ट, वी-मार्ट रतनगंज, रोडवेज परिसर, तहसील चौराहा और सिनेमा हॉल क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया। इसके अतिरिक्त, सभी थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त किया। नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई। एसएसपी सोमेन बर्मा ने जोर देकर कहा कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।