दिल्ली बम धमाके के बाद प्रतापगढ़ पुलिस सक्रिय:रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप में चेकिंग, एसपी ने यात्रियों से पूछताछ की

दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद प्रतापगढ़ पुलिस भी सक्रिय हो गई है। जिले में रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप, बॉर्डर क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले बाजारों सहित सार्वजनिक स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आज देर शाम प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक भूकर भारी पुलिस बल के साथ मां बेल्हा देवी रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने वहां की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया, यात्रियों से पूछताछ की और उनके सामान की भी जांच की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी के साथ सीओ सिटी और नगर कोतवाल भी मौजूद रहे। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि दिल्ली धमाके के बाद हाई अलर्ट को देखते हुए प्रतापगढ़ के सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस लगातार चेकिंग और निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि आज उनके द्वारा रेलवे स्टेशन का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान एसपी दीपक भूकर के साथ आईपीएस सीओ सिटी प्रशांत राज, नगर कोतवाल सुभाष यादव, यातायात प्रभारी सत्येंद्र सिंह, कोतवाली के कई चौकी इंचार्ज और जीआरपी थाना प्रभारी सुमित कुमार भी मौजूद थे। उन्होंने स्टेशन के प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय और पार्किंग क्षेत्र की सघन चेकिंग की। एसपी ने एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मातहतों को कड़े निर्देश दिए। एसपी दीपक भूकर ने आगे बताया कि दिल्ली धमाके के बाद जारी हाई अलर्ट के मद्देनजर जिले के सभी प्रमुख स्थलों और बाजारों में सीओ तथा थाना प्रभारियों को गश्त और चेकिंग का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया है।