दिल्ली ब्लास्ट के बाद धीरेंद्र शास्त्री की सुरक्षा बढ़ी:पुलिस की 2 कंपनियां बढ़ाई गईं; पदयात्रा में दुकान का छज्जा गिरने से कई लोग घायल

बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा चल रही है। इस बीच सोमवार को हुए दिल्ली ब्लास्ट के चलते धीरेंद्र शास्त्री की सिक्योरिटी में इजाफा किया गया। अभी तक हरियाणा पुलिस की 3 कंपनियां सुरक्षा दे रही थीं। अब 2 कंपनियां और बढ़ा दी गई हैं। सुबह यात्रा की शुरुआत में सुरक्षा को लेकर कई अहम बदलाव हो सकते हैं। वहीं, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पदयात्रा का सोमवार को चौथा दिन रहा। दिल्ली से शुरू हुई यह यात्रा हरियाणा से होते हुए धीरे-धीरे वृंदावन की ओर बढ़ रही है। यात्रा के साथ करीब 30 हजार लोग चल रहे। यात्रा शाम को हरियाणा पलवल जिले में पहुंची। यहां के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अब रात में ठहराव होगा। वहीं, पलवल में यात्रा के दौरान दुकान के छज्जे पर ज्यादा भीड़ होने से छज्जा टूट गया। इसमें कई लोग चोटिल हो गए। घायलों का एम्बुलेंस में इलाज किया गया। वहीं, दिल्ली से कुछ लोग ट्रकों से यात्रा में शामिल होने पहुंचे। वे ढोल-नगाड़े बजाते हुए यात्रा में शामिल हुए। फरीदाबाद में राजस्थान के मेवाड़ राजघराने के लक्ष्यराज सिंह भी यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान एक भक्त धीरेंद्र शास्त्री के पैरों पर गिर पड़ा। इस पर शास्त्री ने उसे उठाकर गले लगा लिया और कंधे पर हाथ रखकर पदयात्रा में साथ चलाया। इसके अलावा एक भक्त शास्त्री के गले से लिपटकर खूब रोया। इस पर धीरेंद्र ने उसे समझाया। इसके अलावा, बदायूं के रहने वाले तेजपाल और उनके भाई अपनी मां को पालकी में बैठाकर यात्रा के साथ चले। पदयात्रा पर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तंज कसा। कहा- ये साधु-महात्मा सिर्फ नेता बनने के लिए इतना ड्रामा करते हैं। ये साधु-महात्मा फेमस होना चाहते हैं। चर्चा में आने के बाद कोई न कोई पॉलिटिकल पार्टी जॉइन कर लेंगे। इसके बाद स्वामी चिन्मयानंद और साक्षी महाराज की तरह सांसद बन जाएंगे। आज की पदयात्रा की तस्वीरें देखिए… पदयात्रा के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…