दिल्ली ब्लास्ट के बाद बागपत में प्रशासन हाई अलर्ट:बॉर्डर चौकियों पर विशेष चेकिंग, डीएम-एसपी ने सुरक्षा का जायजा लिया

दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद बागपत जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली से आने-जाने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और बॉर्डर चौकियों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बागपत के डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज राय ने खुद सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों की मौजूदगी में विशेष चेकिंग अभियान जारी है और पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। देखिए तस्वीरें… जनपद की बॉर्डर चौकी डूंडहेड़ा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यहां भारी पुलिस बल तैनात है। डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज राय के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रवीण सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली जा रही है और पुलिस विशेष निगरानी कर रही है। दिल्ली से निकटता के कारण बागपत में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसपी सूरज राय ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली हुई है। उन्होंने बॉर्डर चौकी पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों से बातचीत की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।