दुर्गा सिंह ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता:चंदा एफसी और एमएफए एफसी ने दर्ज की जीत

दुर्गा सिंह ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन मेरठ फुटबॉल संघ के तत्वावधान में तोपखाना फुटबॉल ग्राउंड पर किया जा रहा है। प्रतियोगिता के तहत शुक्रवार को दो मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। आज का पहला मुकाबला चंदा एफसी और स्पार्टन एफसी के बीच खेला गया। यह दोनों टीमों का लीग चरण का अंतिम मैच था, जिसके नतीजे से ग्रुप ‘ए’ में पहले और दूसरे स्थान का फैसला होना था। मैच के 10वें मिनट में स्पार्टन एफसी के अमित ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले हाफ तक स्पार्टन एफसी इसी बढ़त के साथ आगे रही। दूसरे हाफ के 5वें मिनट में चंदा एफसी के वारिस ने बेहतरीन गोल कर मैच 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद 26वें मिनट में चंदा एफसी के यश ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-1 कर दिया। मैच के अंतिम चरण में चंदा एफसी के वरिष्ठ खिलाड़ी सुशील भटनागर ने शानदार गोल करते हुए टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। अंततः चंदा एफसी ने यह मुकाबला 3-1 से अपने नाम किया। दिन का दूसरा मुकाबला एमएफए एफसी और एबीसीडी एफसी के बीच खेला गया। मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा। दूसरे हाफ में एमएफए एफसी के सादीन ने निर्णायक गोल किया, जिसकी बदौलत एमएफए एफसी ने 1-0 से जीत दर्ज की। पहले मैच के मुख्य अतिथि वरिष्ठ खिलाड़ी अमरजीत सिंह बाबू रहे। पहले मैच के निर्णायक दानिश अहमद तथा सह-निर्णायक जुबेर खान और प्रिंस कुमार रहे, जबकि दूसरे मैच में निर्णायक दानिश अहमद और सह-निर्णायक प्रिंस कुमार व जुबेर खान रहे। पहले मैच में चंदा एफसी के कप्तान आशीष सोनकर को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि दूसरे मैच में एमएफए एफसी के सादीन को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। दोनों खिलाड़ियों को पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी स्वर्गीय रविंद्र सिंह उर्फ टीटू के नाम से दिए जाने वाले पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मैच के दौरान मेरठ फुटबॉल संघ के सचिव ललित पंत, सह सचिव हरीश ठाकुर के अलावा वरिष्ठ खिलाड़ी वेद प्रकाश, अशोक भटनागर, पॉल थॉमस, राजेंद्र सिंह रंजन, रामदास, सतीश कुमार सिंह, कौशल यादव, राम कुमार यादव, फुटबॉल कोच रामचंद्र, राजेंद्र प्रकाश और अमरनाथ गुप्ता मौजूद रहे। कैश कॉलेज के फिजियोथेरेपिस्ट जीनियस त्यागी, मोहम्मद तल्हा और फैज काजी का सहयोग भी सराहनीय रहा।