मेरठ फुटबॉल संघ के तत्वावधान में तोपखाना फुटबॉल ग्राउंड पर आयोजित दुर्गा सिंह ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता में 15 जनवरी को दो मुकाबले खेले गए। पहला मैच ई-लाइट एफसी और जैनेक्स एफसी के बीच खेला गया। मैच के पहले हाफ के 10वें मिनट में जैनेक्स के कार्तिक ने पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। पांच मिनट बाद जैनेक्स को मिली पेनल्टी पर तुषार ने दूसरा गोल करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे हाफ में ई-लाइट ने अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन जैनेक्स की डिफेंस लाइन मजबूत रही। 30वें मिनट में तुषार बाटला ने तीसरा गोल दागकर टीम को 3-0 से जीत दिलाई। इस मैच के मैन ऑफ द मैच तुषार रहे जिन्हें पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी स्व. रविंद्र सिंह उर्फ टीटू की स्मृति में पुरस्कार दिया गया। दूसरा मुकाबला एजेक्स एफसी और रज्जन स्पोर्टिंग के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं और स्कोर बराबरी पर रहा। दूसरे हाफ के 10वें मिनट में एजेक्स के अर्पण ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। मैच के अंतिम चरण में कुणाल ने निर्णायक दूसरा गोल दागकर एजेक्स को 2-0 की जीत दिलाई। इस मैच के मैन ऑफ द मैच अर्पण रहे। पहले मैच में मुख्य अतिथि मेरठ फुटबॉल संघ के संरक्षक उदय भान सिंह, महिपाल सिंह तोमर, सतीश तोमर एवं अजय तोमर रहे। वहीं दूसरे मैच में उपाध्यक्ष श्रीमती रिचा सिंह, अनीता त्यागी एवं रीटा वर्मा मौजूद रहीं। निर्णायक के रूप में गुरदेव सिंह, ललित वर्मा, जुबैर खान, दानिश अहमद, आकाश भटनागर और प्रिंस कुमार ने दायित्व निभाया। मैचों के दौरान सचिव ललित पंत, सह-सचिव हरीश ठाकुर, वरिष्ठ खिलाड़ी जय सिंह, लूकस, वेद प्रकाश, अशोक भटनगर, पॉल थॉमस, राजेंद्र सिंह रंजन, रामदास, सतीश सिंह, कौशल यादव, राम कुमार यादव, फुटबॉल कोच रामचंद्र, राजेंद्र प्रकाश व अमरनाथ गुप्ता आदि मौजूद रहे। कैश कॉलेज के फिजियोथेरेपिस्ट जीनियस त्यागी, मोहम्मद तल्हा और फैज काज़ी का सहयोग सराहनीय रहा। आयोजन सचिव हरीश ठाकुर ने बताया कि बुधवार को प्रतियोगिता में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच चंदा एफसी और स्पार्टन एफसी के बीच एवं दूसरा मैच एमएफए एफसी व एबीसीडी एफसी के मध्य खेला जाएगा।