दुल्हन को स्टेज पर गोली लगी, दूल्हा बोला- वो बेवफा:बलिया से बिहार गई थी बारात, जयमाल पर प्रेमी ने बुर्का पहनकर गोली मारी

बिहार में 24 फरवरी को एक शादी में दूल्हन को स्टेज पर गोली मार दी गई थी। जयमाल के दौरान एकतरफा प्यार में पागल प्रेमी ने वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने से घायल दुल्हन का इलाज चल रहा है। वहीं, दूल्हे का कहना है कि मैं अब जिंदगी भर शादी नहीं करूंगा। इस घटना के बाद से मन में इतना डर बैठ गया है, जो किसी से बयां नहीं कर सकता। किसी को अंदाजा नहीं था कि लड़की का कोई प्रेमी भी है। मैं उस लड़की को कभी माफ नहीं करूंगा। वारदात से पहले आरोपी प्रेमी ने एक रील बनाई थी, जिसमें गाना लगाया था- तू मेरी न हो सकी तो क्या हुआ…मैं तुम्हें किसी और की होने नहीं दूंगा…तुम्हारे घर वाले जहां भी शादी करेंगे, मैं उस दूल्हे को भी मार दूंगा। बारात यूपी के बलिया जिले से बिहार के बक्सर पहुंची थी। पहले 2 तस्वीरें देखें… अब पूरा मामला विस्तार से… बलिया के मनीराम के टोला मान सिंह छपरा में बृजकिशोर साहनी रहते हैं। बेटे अविनाश साहनी की शादी एक साल पहले बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र की रहने वाली आरती से तय हुई थी। 18 फरवरी को लड़के पक्ष के लोग लड़की के घर हल्दी-धान की रस्म के लिए गए थे। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। 24 फरवरी की रात चौसा पंचायत के मल्लाह टोला स्थित नंद मल्लाह के घर बारात पहुंची। बारातियों का स्वागत किया गया। इसके बाद द्वार पूजा हुई थी। शादी की रस्में चल रही थीं। स्टेज पर जयमाला की तैयारी हो रही थी। मेहमानों की भीड़, डीजे की धुन और जश्न के माहौल के बीच अचानक गोली चलने की आवाज आई। गोली दुल्हन आरती कुमारी (18) के पेट में लगी। कुछ ही सेकंड में खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। परिजन घायल आरती को तत्काल सदर अस्पताल ले गए, जहां से उसकी गंभीर हालत देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहां ऑपरेशन के बाद उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। दुल्हन बोली- ‘दीनबंधु ने मारी गोली’ परिजनों के मुताबिक, अस्पताल ले जाते समय आरती ने बताया- मुझे दीनबंधु ने गोली मारी है। वो मेरे पड़ोसी रामशंकर चौधरी का बेटा है। वहीं, परिवार वालों ने आरोप लगाया कि दीनबंधु आरती से एकतरफा प्रेम करता था, लेकिन आरती ने कभी उसमें रुचि नहीं दिखाई। इससे वह लंबे समय से नाराज था और शादी से पहले भी धमकी देता रहा था। नकाब पहनकर भीड़ में घुसा, पास से किया फायर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी नकाब पहनकर शादी समारोह में पहुंचा था। वह पहले लड़कियों की भीड़ में शामिल हुआ। फिर स्टेज के सामने तक पहुंच गया और बेहद करीब से गोली चला दी। पड़ोसियों का कहना है कि पिछले दो साल से दोनों के बीच अफेयर की चर्चाएं थीं। एक साल पहले भी आरती की शादी तय हुई थी, लेकिन आरोपी ने फोन पर धमकी देकर रिश्ता तुड़वा दिया था। इस बार भी वह शादी रोकने की फिराक में था। गोली चलाते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बिना दुल्हन के लौटी बारात आरती की शादी बलिया जिले के अविनाश साहनी से तय हुई थी। दूल्हे के पिता बृजकिशोर साहनी बारात लेकर बक्सर पहुंचे थे, लेकिन गोलीकांड के बाद शादी रुक गई और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। आरती अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। इस घटना ने न केवल दोनों परिवारों को, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर दिया है। अविनाश साहनी ने बताया कि जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। सभी लोग खुश थे। तभी आरोपी चुपके से आया और गोली मारकर फरार हो गया। उन्होंने कहा कि शादी तय हुए एक साल हो चुके थे, लेकिन न तो लड़की से कोई बातचीत हुई थी और न ही उसके परिवार से ज्यादा संपर्क रहा। हादसे के बाद लड़की पक्ष के लोग फोन नहीं उठा रहे हैं। घटना को याद कर दिल दहल जाता है। दूल्हा बोला- जिंदगी भर शादी नहीं करूंगा दूल्हा अविनाश इस घटना से गहरे सदमे में है। उसने दोबारा शादी के सवाल पर कहा, “अब जीवन में कभी शादी नहीं करूंगा।” वहीं दूल्हे के पिता बृजकिशोर साहनी ने बताया कि इस घटना के बाद पूरा परिवार मानसिक तनाव में है। शादी के सभी कार्यक्रमों में करीब ढाई लाख रुपए खर्च हो चुके हैं। कुछ समय बाद बेटे की शादी फिर से करने का प्रयास करेंगे। यह राहत की बात है कि घटना बारात के दौरान ही हो गई, नहीं तो आगे और बड़ी परेशानी हो सकती थी। ————– ये खबर भी पढ़ें मां ने 3 साल की बेटी की गर्दन काट दी:गोरखपुर में पिता बोले- वो कहती, मुझे नहीं, बेटी को प्यार करते हो गोरखपुर में मां ने 3 साल की मासूम बेटी की गर्दन कुल्हाड़ी से काट दी। कमरे में जिस जगह पर वार किया, वहां जमीन पर 4 इंच का गड्‌ढा हो गया है। दीवार पर बनी अलमारी में पूजा घर है, भगवान की तस्वीरों पर बच्ची के खून के छींटे दिख रहे थे। घर के कोने में बेटी अदिति के खिलौने देखकर मायूस हो रहे पिता त्रिवेणी खुद को कोस रहे थे पढ़ें पूरी खबर…