देवरिया शहर को दो नए ओवरब्रिज की सौगात मिली है। भीखमपुर रेलवे क्रॉसिंग और कसया ढाले पर रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। शासन स्तर से बजट स्वीकृत होने के बाद इन परियोजनाओं का रास्ता साफ हो गया है। इन ओवरब्रिज के बनने से शहर में लंबे समय से चली आ रही जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया के भीखमपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए 72 करोड़ 3 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। यह परियोजना कई वर्षों से लंबित थी और स्थानीय नागरिक इसकी लगातार मांग कर रहे थे। भीखमपुर रोड पर ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होने से लंबा जाम लगता था, जिससे आम जनता, स्कूली बच्चों, एंबुलेंस और व्यापारिक वाहनों को परेशानी होती थी। इस ओवरब्रिज के निर्माण से न केवल जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि आसपास के मोहल्लों और गांवों के विकास को भी गति मिलेगी। स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि यातायात सुगम होने से बाजार की गतिविधियां बढ़ेंगी और आर्थिक लाभ होगा। इसी तरह, देवरिया शहर के व्यस्त कसया ढाले (समपार संख्या 129 स्पेशल) पर भी टू-लेन रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण को शासन ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 81 करोड़ 41 लाख 11 हजार रुपये है। शासन ने पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर को इस परियोजना की औपचारिक जानकारी भेज दी है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने भी इसकी पुष्टि की है। कसया ढाला लंबे समय से दुर्घटनाओं और जाम का एक प्रमुख कारण रहा है, जहां ट्रैफिक वॉल्यूम यूनिट (टीवीयू) 3 लाख 50 हजार 399 दर्ज किया गया है, जो इसकी अत्यधिक व्यस्तता को दर्शाता है।