देवरिया जिले में रविवार शाम एक बारात के दौरान बारातियों द्वारा गाड़ियों पर स्टंट करने और आतिशबाजी करने से कसया रोड पर दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान कुछ युवकों ने गाड़ियों के बोनट पर चढ़कर नोट भी उड़ाए, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के कसया रोड स्थित एक मैरिज हॉल के पास हुई। शाम करीब सात बजे बारात मैरिज हॉल की ओर बढ़ रही थी, तभी कुछ युवक गाड़ियों के बोनट और छत पर चढ़कर पटाखे फोड़ने लगे। कई युवक गाड़ियों के ऊपर खड़े होकर नाचते और नोटों की गड्डियां उड़ाते भी देखे गए। बारातियों की इन हरकतों के कारण कसया रोड पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारातियों की लापरवाही, तेज आवाज में बज रहे डीजे और आतिशबाजी के कारण यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद यातायात पुलिस पूरे घटनाक्रम के दौरान मूकदर्शक बनी रही। लोगों के अनुसार, पुलिसकर्मी वहां मौजूद थे, लेकिन उन्होंने स्टंट कर रहे युवकों को रोकने या यातायात को सुचारु करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।