देवरिया में भाइयों के विवाद में बहन की मौत:परिजन बोले- धक्का देकर हत्या की, पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार

देवरिया जिले के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के हरैया लाला मोहल्ले में एक पारिवारिक विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची 55 वर्षीय महिला सुगंधरी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद ससुराल और मायके पक्ष के बीच तनाव बढ़ गया है। बरहज थाना क्षेत्र के सतराव गांव निवासी पारस का ससुराल हरैया लाला वार्ड में है। वह यहीं मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। हाल ही में 25 फरवरी को उनके घर में विवाह समारोह संपन्न हुआ था। शादी के बाद किसी बात को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि यह विवाद पहले से चले आ रहे तनाव से जुड़ा था। शुक्रवार रात करीब नौ बजे पारस की बड़ी बहन सुगंधरी देवी (पत्नी पारस नाथ) विवाद सुलझाने के उद्देश्य से घर पहुंचीं। विवाद के दौरान ही सुगंधरी देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ीं। परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के दौरान उन्हें धक्का दिया गया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुगंधरी देवी की मौत की खबर सुनते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। उन्होंने महिला के भाइयों सहित अन्य पर हत्या का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।