देवरिया में महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की:पति से मोबाइल पर हुआ था विवाद, 10 साल पहले की थी लवमैरेज

देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरवा मोहल्ले में सोमवार शाम एक महिला ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि यह घटना मोबाइल पर पति से हुए विवाद के बाद हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान नंदनी के रूप में हुई है, जो जितेंद्र पासवान की पत्नी और गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बांकी गांव की निवासी थी। नंदनी और उनके पति जितेंद्र लंबे समय से पारिवारिक विवादों से जूझ रहे थे। दोनों दिल्ली में मजदूरी करते थे, जहां उनके बीच विवाद और गहरा गया था। दुपट्टे के सहारे फांसी लगाई कुछ समय पहले जितेंद्र नंदनी और उनके बेटे को देवरिया के पुरवा स्थित किराए के मकान में छोड़कर वापस दिल्ली कमाने चले गए थे। सोमवार को पति-पत्नी के बीच मोबाइल फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसी विवाद के बाद नंदनी ने कमरे के अंदर जाकर पंखे की कुंडी में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। घटना के समय उनका पांच वर्षीय बेटा गूगू कमरे के बाहर खेल रहा था और उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पड़ोसियों ने बताया कि काफी देर तक कमरा बंद रहने पर उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाने पर नंदनी का शव पंखे की कुंडी से लटका मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। नंदनी और जितेंद्र ने करीब 10 साल पहले प्रेम विवाह किया था। दिल्ली में रहते हुए दंपति के बीच लगातार विवाद होते रहते थे, जिससे नंदनी कथित तौर पर मानसिक रूप से परेशान थीं। घटना की सूचना मिलने पर महिला के मायके पक्ष को भी जानकारी दी गई, जिसके बाद वे देवरिया पहुंचे। सदर कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।