देवरिया में महिला से चेन स्नेचिंग, VIDEO:तीन बाइक सवार बदमाश छीनकर भागे जेवर, सीसीटीवी में हुए कैद

देवरिया जिला मुख्यालय की भुजौली कॉलोनी में मंगलवार रात एक महिला से चेन स्नैचिंग की घटना हुई। ई-रिक्शा से उतरकर मायके जा रही महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन और मंगलसूत्र छीन लिया। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। यह घटना रात करीब आठ बजे रामचंद्र शुक्ल नगर में हुई। सदर कोतवाली क्षेत्र के न्यू कॉलोनी मोहल्ला निवासी वंदना पांडे अपने बेटे के साथ ई-रिक्शा से भुजौली कॉलोनी स्थित अपने मायके जा रही थीं। भुजौली में एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान के पास ई-रिक्शा से उतरने के बाद जैसे ही वह कुछ दूर आगे बढ़ीं, पीछे से आए तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारा। बदमाशों ने वंदना पांडे के गले से 8 ग्राम की सोने की चेन और 10 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। महिला ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे तेज रफ्तार बाइक से कुछ ही सेकेंड में आंखों से ओझल हो गए। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता वंदना पांडे से पूछताछ की और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि महिला से चेन स्नेचिंग की घटना हुई है। पुलिस टीमें सक्रिय हैं और आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।