देवरिया में लापता युवक का शव कुएं में मिला:परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, शव रखकर किया प्रदर्शन

देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर गांव में 11 दिन से लापता एक युवक का शव शनिवार शाम एक पुराने कुएं से बरामद हुआ था। मृतक की पहचान भागलपुर निवासी मंगरु उर्फ फकरुद्दीन (35 वर्ष) पुत्र मुमताज अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, जिसके चलते विसरा सुरक्षित रखा गया है। मंगरु उर्फ फकरुद्दीन 30 अक्टूबर 2025 को गोरखपुर के चौरीचौरा इलाके में किसी काम से जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। देर रात तक घर न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और कोई सुराग न मिलने पर मईल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार शाम करीब चार बजे गांव के पास वेल्थरा-पिंडी तिराहे के नजदीक बने एक पुराने कुएं से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने झांककर देखा। कुएं में एक सड़ा-गला शव दिखाई देने पर उन्होंने मईल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान मंगरु उर्फ फकरुद्दीन के रूप में हुई। शव मिलने के बाद मृतक की मां बसरुन निशा ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का भी आरोप लगाते हुए मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। रविवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जब पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा, तो उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को दरवाजे पर रखकर प्रदर्शन किया और मांग की कि जब तक हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी कॉपी नहीं दी जाती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। सूचना पर मईल के प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह गांव पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।