देवरिया में शीतलहर के चलते 8वीं तक के स्कूल बंद:बीएसए ने 14 जनवरी तक छुट्टी के दिए आदेश

देवरिया में पड़ रही कड़ाके की ठंड और लगातार छाए घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं के हित में महत्वपूर्ण फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों को 14 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। यह आदेश जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव द्वारा जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, जनपद के नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी विद्यालय आगामी 14 जनवरी तक बंद रहेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश जनपद में संचालित सभी मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। किसी भी विद्यालय को आदेश की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बीएसए शालिनी श्रीवास्तव ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। यदि कोई विद्यालय आदेश का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों और विद्यार्थियों को राहत मिली है। सुबह के समय अत्यधिक ठंड और घने कोहरे के कारण बच्चों को स्कूल भेजने में काफी परेशानी हो रही थी। लगातार गिरते तापमान और दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई थी। जिला प्रशासन ने आमजन से ठंड से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाने की अपील की है। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे आवश्यकता पड़ने पर और भी निर्णय लिए जा सकते हैं।