देवरिया में सड़क हादसे में बिहार के किसान की मौत:झरही नदी पुल के पास बाइक को पिकअप ने मारी टक्कर

देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में झरही नदी पुल के पास एक सड़क हादसे में बिहार के एक किसान की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान सिवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर गांव निवासी शिवशंकर शर्मा (50) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शिवशंकर शर्मा किसी काम से भिनगारी बाजार जा रहे थे। इसी दौरान झरही नदी पुल के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवशंकर शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद पिकअप चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही श्रीरामपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में बिहार निवासी एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।