देवरिया में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण:भू-माफिया ने नायब तहसीलदार को दी चुनौती, काम रोकने से किया इनकार

देवरिया जिले के बलटिकरा गांव में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। यहां भू-माफिया ने मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार को काम रोकने से इनकार कर दिया और उन्हें चुनौती दी। इस घटना का वीडियो सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बलटिकरा निवासी एक व्यक्ति ने तहसीलदार से लिखित शिकायत की थी कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए तहसीलदार ने नायब तहसीलदार को तत्काल मौके पर भेजकर निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश दिए थे। जब नायब तहसीलदार अवैध निर्माण स्थल पर पहुंचे, तो वहां मौजूद भू-माफिया ने सरकारी आदेश मानने से इनकार कर दिया। दबंग व्यक्ति ने अधिकारी को खुलेआम चुनौती देते हुए कहा, “किसी के कहने पर काम नहीं रुकेगा, आपके कहने से भी नहीं रुकेगा।” वीडियो में नायब तहसीलदार निर्माण रोकने की अपील करते दिख रहे हैं, जबकि भू-माफिया बेखौफ होकर काम जारी रखने की बात कह रहा है। इस घटना ने प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और आम लोगों में रोष है। बलटिकरा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं। प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण भू-माफियाओं के हौसले बढ़े हैं। अब जिला प्रशासन पर सबकी निगाहें टिकी हैं कि इस मामले में क्या सख्त कार्रवाई की जाती है और अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाता है या नहीं।