देवरिया में तीन ग्राम पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से प्राप्त आय को ओन सोर्स रेवेन्यू (OSR) खातों में जमा न करने के मामले में की गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है। नोटिस जिन ग्राम पंचायत सचिवों को जारी किया गया है, उनमें विशुनपुरा (विकास खंड बनकटा), पटना (विकास खंड लार) और बेरो (विकास खंड सलेमपुर) शामिल हैं। पंचायतीराज विभाग के निर्देशों के अनुसार, वर्तमान वित्तीय वर्ष में CSC के माध्यम से प्राप्त आय को ग्राम पंचायतों के OSR खातों में जमा करना अनिवार्य है। निदेशक पंचायतीराज, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के बावजूद, संबंधित ग्राम पंचायतों ने अब तक यह आय OSR खातों में जमा नहीं की है। इस संबंध में पहले भी कई बार पत्र जारी कर निर्देश दिए जा चुके हैं। कार्यालय के अनुसार, 26 फरवरी को उपनिदेशक पंचायतीराज, गोरखपुर मंडल की अध्यक्षता में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भी सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) और ग्राम पंचायत सचिवों को CSC आय OSR खातों में जमा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद, संबंधित ग्राम पंचायतों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिला पंचायत राज अधिकारी ने नोटिस में कहा है कि सचिवों को 12 मार्च की दोपहर तीन बजे तक कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देना होगा। उन्हें CSC संचालन से प्राप्त आय को संबंधित ग्राम पंचायतों के OSR खाते में जमा कर उसकी बैंक जमा रसीद या ट्रांजेक्शन नंबर भी कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा। निर्धारित समय में संतोषजनक उत्तर न मिलने पर संबंधित सचिवों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।