देव दीपावली पर टीबरी नाथ मंदिर में जले सैकड़ों दीप:भक्तों ने भगवान शिव की आराधना की, दीप प्रज्वलित जलाए

बरेली में देव दीपावली के पावन पर्व पर बुधवार शाम शहर के ऐतिहासिक टीबरी नाथ मंदिर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर प्रांगण सैकड़ों दीपों की लौ से आलोकित हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर दीप प्रज्वलित किए और मां गंगा से सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना की। मंदिर के महंत और पुजारियों के सान्निध्य में भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान “हर हर महादेव” और “गंगा मैया की जय” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। भक्तों ने पूरे मंदिर प्रांगण को दीपों से सजाकर रोशनी से जगमगा दिया और अपने परिवारों के कल्याण की कामना की। मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से परिसर को फूलों, रंगोली और दीपों से सजाया गया था। संध्या समय दीपों की पंक्तियां जब जल उठीं तो पूरा मंदिर परिसर स्वर्गिक आभा से दमक उठा। श्रद्धालुओं के साथ कई सामाजिक संगठनों ने भी इस अवसर पर भाग लिया। मंदिर के महंत ने बताया कि टीबरी नाथ मंदिर में हर वर्ष देव दीपावली धूमधाम से मनाई जाती है, परंतु इस बार श्रद्धालुओं की संख्या पहले से कहीं अधिक रही। उन्होंने कहा, “यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देता है। जब हर घर, हर मन में दीप जलेगा, तभी समाज में सच्चा उजाला आएगा।”