देशभक्ति और भक्ति भाव से गूंजा संत विवेकानन्द इंटर कॉलेज:संस्कारों की रंगत में सजा वार्षिकोत्सव ,बच्चों ने दिखाई कला और संस्कृति की शानदार झलक

शास्त्रीनगर सी-ब्लॉक स्थित संत विवेकानन्द इंटर कॉलेज में रविवार को वार्षिकोत्सव ‘संस्कार’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता योग गुरु जे.पी. गर्ग ने की। पूरे समारोह में देशभक्ति, संस्कृति और आध्यात्मिक भावनाओं की अनूठी झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ और ‘आर्मी शो’ जैसी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों में जोश भर दिया। देशभक्ति से ओतप्रोत इन कार्यक्रमों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों की खूब तालियां बटोरीं। राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुति और लव-कुश नाटक ने सभी को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। नन्हे कलाकारों की भाव-भंगिमा और अभिनय कौशल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के संस्थापक शिक्षाविद् हरीश भारद्वाज ने कहा कि संस्कार ही व्यक्तित्व को संपूर्ण बनाते हैं। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि नगर के वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. सतीश शर्मा ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक और कला कौशल से भरपूर कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानाचार्या अनिता बब्बेरवाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का उत्साह ही विद्यालय की सबसे बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम में जैनसंस ग्रुप के राजीव जैन और व्यवसायी राकेश गुप्ता वरिष्ठ अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में सूरजकला शर्मा, शालिनी शर्मा, सुकन्या शर्मा, सविता शर्मा और ऋचा शर्मा सहित समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गूंज और उत्साह से भरा रहा।