दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर:महुअवा खुर्द तिराहे के पास दो बाइक सवार घायल, अस्पताल में भर्ती

अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के कप्तानगंज-पिपराइच मार्ग पर महुअवा खुर्द तिराहे के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक चालक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घायलों की पहचान गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के सरैया पोखरा बसारत निवासी शैलेंद्र उर्फ मोहन यादव (40) और कुशीनगर के कप्तानगंज वार्ड नंबर 14 निवासी भगेलू (28) पुत्र सुभाष चौहान के रूप में हुई है। मोहन कप्तानगंज की ओर से अपने गांव लौट रहे थे, जबकि भगेलू पिपराइच की तरफ से अपने घर जा रहे थे। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के महुअवा खुर्द तिराहे के पास पहुंचते ही दोनों की बाइकें आपस में टकरा गईं। घटना की सूचना मिलते ही अहिरौली बाजार थाने से कांस्टेबल अनिल यादव, मनोज राम और पंकज यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। भगेलू को कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मोहन को पिपराइच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।