अमेठी में तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रनकापुर गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, यह घटना आज रात करीब 8:30 बजे हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार चारों व्यक्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन गंभीर घायलों को इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इनमें से एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान जामो थाना क्षेत्र के ददनपुर कटारी गांव निवासी 60 वर्षीय बाबूलाल पुत्र श्रीराम और जगदीशपुर थाना के मोहब्बतपुर गांव निवासी 17 वर्षीय सोनू पुत्र पप्पू के रूप में हुई है। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले में विधिक कार्रवाई करने में जुटी हुई है।थाना प्रभारी धीरेंद्र यादव ने बताया कि शवो को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही की जा रही है।