धीरेंद्र शास्त्री चित्रकूट पहुंचे:जगद्गुरु रामभद्राचार्य से मिले, बांदा से कथा के बाद गुरु का आशीर्वाद लिया

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सोमवार देर रात बांदा में कथा संपन्न कर चित्रकूट पहुंचे। यहां उन्होंने अपने गुरु जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज से भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। यह मुलाकात लगभग आधे घंटे तक बंद कमरे में हुई। इस गोपनीय और आत्मीय मुलाकात के दौरान धर्म, संस्कृति, राष्ट्रहित और आगामी धार्मिक आयोजनों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने गुरु से आशीर्वाद प्राप्त किया। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के चित्रकूट आगमन की सूचना मिलते ही सीमित संख्या में श्रद्धालु और संत समाज के लोग आसपास एकत्रित हो गए। हालांकि, देर रात और निजी मुलाकात होने के कारण कोई सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। गुरु से आशीर्वाद लेने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री देर रात ही बांदा के लिए रवाना हो गए। इस संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण दौरे को आध्यात्मिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। धार्मिक नगरी चित्रकूट में हुई संतों की यह भेंट भविष्य में बड़े धार्मिक आयोजनों और आध्यात्मिक गतिविधियों का संकेत मानी जा रही है।