आगरा में यूपी बोर्ड एग्जाम में नकल कराने का मामला सामने आया है। एक छात्र टीचर के पास नकल के पैसे वापस मांगने स्कूल पहुंचता है। छात्र से टीचर खुलेआम कहता है- 1400 बच्चों को नकल कराई, किसी ने शिकायत नहीं, बस तू ही नकल नहीं कर पाया। तेरा ही पेपर नहीं हुआ है। दूसरे बच्चों ने खेत में बैठकर पेपर दिए और किसी ने शिकायत नहीं की। तेरा कैसे रह गया। टीचर ने नकल कराने के पैसे मांगने पर छात्र को जमकर पीटा। इसका वीडियो भी सामने आया है। मामला किरावली क्षेत्र स्थित रामदुलारी इंटर कॉलेज का है। अब पढ़िए पूरा मामला… किरावली क्षेत्र में राम खिलाड़ी इंटर कॉलेज है। इसमें यूपी बोर्ड परीक्षा का सेंटर था। वीडियो में दिख रहा छात्र सेवला निवासी सुरजीत है। उसने हाईस्कूल के बोर्ड एग्जाम दिए हैं। उसका भी सेंटर इसी कॉलेज में था। सुरजीत के चाचा आकाश सिंह ने बताया- बोर्ड परीक्षा शुरू होने पर स्कूल के टीचर सुखवीर सिंह ने प्रत्येक छात्र से नकल कराने के 1-1 हजार रुपए लिए थे। कहा था कि अगर नकल नहीं होगी, तो पैसे वापस कर देंगे। सुरजीत ने भी एक हजार रुपए दिए थे। लेकिन एग्जाम के दौरान नकल नहीं हो पाई। इस पर गुरुवार को सुरजीत स्कूल पहुंचा। टीचर सुखवीर सिंह से अपने पैसे मांगने लगा। इस पर टीचर ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट कर भगा दिया। सुरजीत की बाइक रख ली। छात्र के चाचा ने बताया-112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को बुलाया, उन्होंने ही सुरजीत की बाइक दिलवाई। टीचर और छात्र की बातचीत पढ़िए… टीचर: इतने बच्चों में तूझे ही शिकायत है। तू ही स्पेशल है, बाकी बच्चे तो पागल हैं, तू ही होशियार है। ज्यादा होशियार है तू। 1400 बच्चों में से तुझे ही शिकायत है। कितने पैसे दिए हैं तूने?
छात्र: एक हजार रुपए दिए थे। टीचर: एक हजार रुपया दिए थे तूने। 6 पेपर के…जबकि पेपर पूरे कराए। बिना पीटे चले जा, नहीं तो कुटूंगा इतना। पिटकर पैसे लेगा या वैसे ही…इतना कहते ही टीचर ने छात्र को पीटना शुरू कर दिया। छात्र के साथ उसका एक दोस्त भी था। ये वीडियो उसी ने बनाई है। पिटाई के बाद छात्र स्कूल से जाते हुए दिख रहे हैं। डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया- वीडियो के आधार पर संबंधित स्कूल को नोटिस जारी कर पूछताछ की जाएगी। अभी मेरे पास वीडियो नहीं है। ———————— यह खबर भी पढ़िए… प्रयागराज में बेटे के सामने पत्नी को मार डाला, मासूम पुलिस से बोला- पापा ने रात में मम्मी का गला दबाया, हमें डांटा प्रयागराज में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद पति डेडबॉडी छोड़कर फरार हो गया। वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने 6 साल के बेटे ने बताया- पापा रात में मम्मी का गला दबा रहे थे। मैं जगा तो मुझे डांटकर सो जाने को कहा। पूरी खबर पढ़ें