नहटौर के रूखड़ियो के मां-बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत:दवाई लेकर लौटते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बाइक,ग्रामीणो ने लगाया जाम

बिजनौर के नहटौर से दवाई लेकर लौट रहे मां-बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह घटना नहटौर-झालू मार्ग पर गांव बिलाई के पास हुई। मृतकों की पहचान गांव रुखड़ियों निवासी 18 वर्षीय शिवम पुत्र ओमप्रकाश और उसकी मां 45 वर्षीय बीना देवी पत्नी ओमप्रकाश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शिवम अपनी मां बीना देवी के साथ बाइक से बिजनौर दवाई दिलाने गया था। सोमवार शाम के समय घर लौटते वक्त नहटौर-झालू मार्ग पर उनकी बाइक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे जा घुसी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। इस दुखद घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर गांव रुखड़ियों में नहटौर-झालू मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही सीओ धामपुर अभय कुमार पांडे और थानाध्यक्ष धीरज नागर सहित कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंचा। परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए थे। सीओ धामपुर अभय कुमार पांडे ने बताया कि ग्रामीणों से बातचीत की गई और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद जाम खोल दिया गया। मृतक शिवम अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता ओमप्रकाश एक मजदूर हैं।