नहर में डूबे युवक का दूसरे दिन मिला शव:दोस्तों के साथ नहाते समय डूबा, गोताखोरों ने निकाली लाश

औरैया के बेला में डमरपुर स्थित रामगंगा नहर की झील में डूबे युवक का शव सोमवार को दूसरे दिन मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब दो बजे कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के महेंद्र नगर बंगाली कॉलोनी निवासी तीन दोस्त विदान बंगाली (40) पुत्र विमल सेन, विवेक (32) पुत्र विमल सील और शेखर (20) पुत्र नारायण डमरपुर झाल के पास पहुंचे थे। तीनों ने वहां बैठकर शराब पी और फिर नहर में नहाने के लिए कूद गए। कुछ देर बाद विवेक और शेखर तो नहर से बाहर आ गए, लेकिन विदान बाहर नहीं निकल सका। इस दौरान गांव के पांच अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए। उनमें से निखिल मंडल ने दोपहर करीब तीन बजे डायल 112 पर विदान के नहर में डूबने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बेला थाना को सूचित किया। देर शाम तक बेला थाना पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने नहर में तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह जालौन-उरई से एसडीआरएफ की टीम उपनिरीक्षक कुमार सौरभ सिंह के नेतृत्व में अपने 11 साथियों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने पुलिस के साथ मिलकर स्टीमर के माध्यम से नहर में तलाशी अभियान शुरू किया। इसी बीच, विजय सरकार पुत्र विश्वनाथ निवासी बंगाली कॉलोनी, रसूलाबाद (कानपुर देहात) ने सूचना दी कि डमरपुर झाल में डूबे विदान सेन बंगाली पुत्र विमल सेन का शव ग्राम ढकपुरवा आजनपुर, रसूलाबाद थाना क्षेत्र में नहर में मिल गया है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और रसूलाबाद थाना पुलिस को भी जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष बेला गंगादास गौतम ने बताया कि युवक का शव मिलने की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।