नहीं दिखा चांद, 21 को मनाई जाएगी ईद:शुक्रवार को अदा की जाएगी माह-ए-रमजान के अंतिम जुमा की नमाज

माह-ए-रमजान के 29 रोजे गुरुवार को पूरे हो गए। शाम को सभी लोग माह-ए-शव्वाल का चांद देखने का इंतजार कर रहे थे लेकिन चांद नहीं दिखा। लोग आसमान पर नजर गड़ाए रहे लेकिन चांद नहीं दिखा। जिले में मौसम साफ होने के बाद भी चांद नजर नहीं आया। इसी के साथ देश के किसी अन्य हिस्से से भी चांद के नजर आने की सूचना नहीं आयी। शहर काजी मुफ्ती मुहम्मद अजहर शम्सी ने बतया कि जिले में शव्वाल माह का चांद नजर नहीं आया है। इसलिए ईद-उल फित्र का त्योहार शनिवार यानी 21 मार्च को अकीदत, मुहब्बत व रवायत के अनुसार मनाया जाएगा। अब शुक्रवार को 30वां रोजा रखा जाएगा और रमजान के अंतिम जुमा की नमाज अदा की जाएगी। उन्होंने लोगों को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि यह त्योहार अल्लाह का तोहफा है। इसलिए अपनी खुशियों में सभी को शामिल करें। सादगी से त्योहार मनाएं। हकदार एवं जरूरतमंदों में जकात व फित्रा की रकम पहुंचा दें। पूरी दुनिया में शांति के लिए दुआ करें। मुहब्बत व भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और नफरत खत्म करें। प्रशासन भी तैयारी में जुटा
अंतिम जुमा की नमाज एवं ईद को देखते हुए प्रशासन भी तैयारी में जुटा है। सभी ईदगाहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। साफ-सफाई भी कराई जा रही है। शनिवार को अलग-अलग मस्जिदों में अलग-अलग समय पर ईद की नमाज पढ़ी जाएगी। उसके बाद सभी लोग आपस में गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देंगे।