नोएडा की निक्की हत्याकांड में 500 पेज की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी गई। इसमें कहा गया है कि निक्की को उसके पति विपिन भाटी ने थिनर डालकर जिंदा जलाया था। फिर CCTV से बचने के लिए वह छत से कूदकर भाग गया था। पुलिस के मुताबिक, निक्की ही एग्रेसिव होकर बात करती थी। वह रील भी बनाती थी, जिससे पति चिढ़ता था। इसी वजह से उसने उसे खत्म करने की योजना बनाई थी। इसमें ससुर सत्यवीर, सास दया और जेठ रोहित ने निक्की के पति का साथ दिया। सभी घटना के वक्त मौजूद थे, लेकिन सीसीटीवी से बचने घर में छिप गए थे। 21 अगस्त की शाम 5:45 बजे निक्की को जलाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी उसे फोर्टिस अस्पताल भी लेकर गए, ताकि यह दिखा सकें कि वे उसे बचाने की कोशिश कर रहे थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में निक्की का शरीर 80% तक जला पाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल, सभी आरोपी जेल में है। पति को पुलिस ने एनकाउंटर में पैर में गोली मारकर पकड़ा था। पुलिस ने निक्की की बहन कंचन, पति विपिन भाटी और निक्की के बेटे के बयानों के आधार पर चार्जशीट तैयार की है। चलिए पढ़ते हैं… अस्पताल के मेमो में ‘सिलेंडर फटने’ की बात झूठी निकली
चार्जशीट में पुलिस ने अस्पताल की तरफ से मिले मेडिकल रिपोर्ट को भी शामिल किया है। इसमें निक्की के जलने का कारण सिलेंडर का फटना बताया गया। हालांकि, जांच टीम ने इस दावे को तथ्यों के आधार पर खारिज कर दिया। चार्जशीट में पुलिस ने लिखा कि टीम ने घटनास्थल, बिस्तर, रसोई, गैस चूल्हा, आंगन और पूरे घर का निरीक्षण किया, लेकिन सिलेंडर ब्लास्ट से जुड़े एक भी सबूत नहीं मिले। पुलिस ने अस्पताल में दर्ज ‘सिलेंडर ब्लास्ट’ वाले कारण को बे-बुनियाद और बिना सबूत का दावा बताते हुए खारिज कर दिया है। निक्की और भाभी के रील बनाने से चिढ़ता था विपिन
पुलिस की जांच में सामने आया है कि विपिन घर में निक्की के बुटीक और भाभी कंचन के ब्यूटी पार्लर चलाने से नाखुश था। उसे दोनों सगी बहनों का इंस्टाग्राम चलाना पसंद नहीं था। आरोपी आए दिन निक्की से लड़ता था।नोएडा के रूपबास गांव निवासी राज सिंह ने दिसंबर 2016 में अपनी भतीजी कंचन और निक्की की शादी सिरसा गांव के रहने वाले सगे भाइयों रोहित और विपिन से की थी। राज सिंह ने बताया कि शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी समेत हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था। इसके बाद ससुराल वाले 35 लाख रुपए की डिमांड करने लगे। दोनों भतीजियों के साथ ससुराल के लोग मारपीट करते थे। कई बार पंचायत हुई, लेकिन आरोपी दहेज की मांग पर अड़े रहे। अब भतीजी निक्की की जान ले ली गई। 3 तस्वीरें देखिए बड़ी बहन बोली- बचाने गई तो मुझे भी पीटा
निक्की की बड़ी बहन कंचन ने कहा- गुरुवार (21 अगस्त) को निक्की के पति विपिन ने उसके साथ मारपीट की। जब मैं उसे बचाने गई तो मेरे साथ भी मारपीट हुई। विपिन ने मेरे गले पर तीन-चार मुक्के मारे। इसके बाद मैं बेहोश हो गई तो बहन पर कुछ डालकर आग लगा दी। बहन की चीख सुनकर पड़ोसी पहुंचे। उन्होंने कंबल डालकर आग बुझाई और निक्की को फोर्टिस अस्पताल लेकर गए। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे दिल्ली अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान निक्की की मौत हो गई। वहीं, निक्की के छोटे बेटे ने कहा- मम्मा के ऊपर पापा ने कुछ छिड़का था। उसके बाद उन्हें चांटा मारा। फिर लाइटर से आग लगा दी। ‘जस्टिस फॉर निक्की बहन’ बोलते हुए लोगों ने दिया धरना
निक्की को जिंदा जलाने के बाद लोगों में गुस्सा है। शनिवार को निक्की को इंसाफ दिलाने के लिए कासना में पंचायत हुई। लोगों ने धरना भी दिया। उनके हाथ में पोस्टर थे। जिस पर लिखा था- हमारी बहन को इंसाफ दिलाओ, जो आज हमारी बहन के साथ है। कल किसी और के साथ भी हो सकता है। जस्टिस फॉर निक्की बहन।’ —————- निक्की की मौत से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें : निक्की जब जलकर मरी, घर में CCTV बंद थे: 7 दिन में 5 VIDEO सामने आए, सभी में अलग-अलग दावे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में निक्की भाटी की जिंदा जलकर मौत का मामला अभी भी साफ नहीं हो पाया है। निक्की ने खुद आग लगाई या पति विपिन भाटी ने उसे आग के हवाले किया, पुलिस अभी तक इस गुत्थी को सुलझा नहीं सकी है। निक्की 21 अगस्त की शाम 5.30 बजे घर की सीढ़ियों पर जलती नजर आई थी। जांच में सामने आया कि विपिन के घर में 8 CCTV लगे थे, मगर घटना के वक्त सभी बंद थे। इसलिए कुछ भी रिकॉर्ड नहीं हुआ। पढ़िए पूरी खबर…