बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा के उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन करने पर यूपी के मौलाना भड़क गए हैं। बरेली में ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा- नुसरत ने महाकाल मंदिर में पूजा करके ‘बड़ा पाप’ किया है। उन्हें पछतावा करना चाहिए। नुसरत भरुचा मंगलवार को महाकाल मंदिर की भस्म आरती में शामिल हुईं थीं। इस दौरान नुसरत ने जल अर्पित कर भगवान का प्रसाद ग्रहण किया था। वहीं, उज्जैन के संतों ने मौलाना के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। इधर, मौलाना के नुसरत को इस्लाम धर्म का पाठ पढ़ाने से उज्जैन के कई संत नाराज हो गए हैं। उन्होंने नुसरत के महाकाल मंदिर के दर्शन करने को गंगा जमुना तहजीब और घर वापसी बताकर मौलाना को ऐसे मामले से दूर रहने की सलाह दी है। नुसरत भरूचा ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’, ‘प्यार का पंचनामा’, ‘ड्रीम गर्ल’ जैसी फिल्मों में लीड भूमिका में रहीं हैं। पढ़िए पूरा मामला… मौलाना ने कहा- इस्लाम इजाजत नहीं देता, तौबा करना चाहिए
मौलाना रजवी ने कहा- नुसरत भरूचा उज्जैन के महाकाल मंदिर गईं। वह मुस्लिम महिला हैं। उन्होंने पूजा की। जल चढ़ाया और वहां की धार्मिक परंपराओं का पालन किया। इस्लाम इन सभी कामों की इजाजत नहीं देता। शरीयत की नजर में नुसरत गुनहगार हैं, उनको तौबा करनी चाहिए। शरिया का हुक्म है कि नुसरत को पछतावा करना चाहिए। कलमा पढ़ना चाहिए। उन्होंने इस्लाम के सिद्धांतों के खिलाफ काम किया। इसलिए, वह शरिया के दायरे में आ गई हैं और एक गंभीर बड़े पाप की दोषी हैं। उनके लिए पछतावा करना जरूरी है। मौलाना की प्रतिक्रिया पर संतों का गुस्सा फूटा
इधर, महंत विशाल दास ने कहा, कोई व्यक्ति स्वेच्छा से घर वापसी कर रहा है तो मौलवी के पेट क्यों दुख रहा है। लड़कियां जलालत भरी जिंदगी से बाहर निकल रही है और महाकाल के दर्शन कर वहां शीश झुका रही हैं, तो आपको गर्व होना चाहिए। ऐसे मौलवी को हिदायत किसी को धर्म थोपने की कोशिश नहीं करें, नहीं तो महाकाल बैठे हैं अपने त्रिशूल को लेकर, मौलाना अपनी बयानबाजी बंद करें। वहीं, श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के महंत सत्यानंद ने कहा- भारतीय फिल्म अभिनेत्री का महाकाल आना शहाबुद्दीन को अच्छा नहीं लगा, आप गंगा जमुना तहजीब की बात करते हैं, सनातन में आस्था रख रही हैं। इस तरह फतवा जारी नहीं करना चाहिए। नुसरत ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी
दाऊदी बोहरा समाज से आने वाली नुसरत ने अब तक इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि, नुसरत ने महाकाल मंदिर दर्शन के दौरान बताया था कि वे दूसरी बार आई हैं और आगे भी आएंगी। नुसरत ने खुद अपनी यात्रा को शांतिपूर्ण और सकारात्मक अनुभव बताया है और मंदिर की व्यवस्था की तारीफ भी की। खबर में आगे बढ़ने से पहले इस पोल पर अपनी राय दीजिए… अब मौलाना रजवी के बड़े बयानों को भी पढ़िए… मौलाना ने कहा था-नए साल का जश्न नाजायज’
इससे पहले शहाबुद्दीन रजवी ने वीडियो जारी कर मुस्लिम समाज के लोगों से नए साल का जश्न न मनाने की अपील की थी। उन्होंने इसे फिजूलखर्ची बताया। कहा- शरीयत की रोशनी में नए साल का जश्न नाजायज है। उन्होंने यह भी कहा था कि इस्लामी कैलेंडर का साल मुहर्रम के महीने से शुरू होता है। ऐसे ही हिंदू कैलेंडर का साल चैत्र माह से शुरू होता है। 31 दिसंबर या एक जनवरी को नए साल का जश्न मनाना यूरोपियन कल्चर है। नए साल के जश्न के नाम पर 31 दिसंबर की रात फूहड़बाजी, शोर-शराबा, हंगामा, नाचना-गाना होता है। शरीयत में इन तमाम चीजों की इजाजत नहीं है। अगर कहीं से जश्न मनाने की खबर मिली तो उलमा इसे सख्ती से रोकेंगे। मौलाना ने कहा- शमी ने रोजा नहीं रखा, ये गुनाह मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा- शमी ने रमजान में रोजा नहीं रखा, जो गुनाह है। शरीयत की नजर में वह मुजरिम हैं। इनको हरगिज ऐसा नहीं करना चाहिए था। दरअसल, शमी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान ग्राउंड पर एनर्जी ड्रिंक पीते नजर आए थे। इसके बाद मौलाना रजवी ने वीडियो जारी करके कहा- शरीयत के नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। इस्लाम में रोजा रखना फर्ज है। अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर रोजा नहीं रखता, तो वह इस्लामिक कानून के अनुसार गुनहगार माना जाता है। क्रिकेट खेलना बुरा नहीं है, लेकिन धार्मिक जिम्मेदारियों को भी निभाना चाहिए। मैं हिदायत देता हूं कि शमी शरीयत के नियमों का पालन करें और अपने धर्म के प्रति जिम्मेदार बनें। ……
ये पढ़ें –
प्रयागराज में झूमकर नाचीं किन्नर अखाड़े की साध्वियां, VIDEO:पहली बार माघ मेले में आया किन्नर अखाड़ा, महामंडलेश्वर कल्याणी ने गीत गाए प्रयागराज में 3 जनवरी से महाकुंभ की तर्ज पर माघ मेला शुरू हो रहा है। पहली बार माघ मेले में किन्नर अखाड़ा भी नजर आएगा। मंगलवार को अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि छोटी मां ने विधि-विधान से भूमि पूजन किया। इसके बाद लोगों ने गीत और नृत्य के साथ उत्सव मनाया। इस दौरान किन्नर साध्वियां झूमती नाचती दिखीं। VIDEO देखिए…