नेपाल राष्ट्र के बांके जिले के नेपालगंज स्थित 30वीं बटालियन, आर्म्ड पुलिस फोर्स (APF) में 30 नवंबर 2025 को भारत-नेपाल के बीच कमांडेंट स्तरीय समन्वय बैठक संपन्न हुई। यह बैठक सीमा सुरक्षा समन्वय और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 62वीं वाहिनी, भिनगा के कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण ने किया। इस दल में 42वीं वाहिनी के उप कमांडेंट अंजनि कुमार तिवारी और 62वीं वाहिनी के उप कमांडेंट सोनू कुमार भी शामिल थे। वहीं पड़ोसी राष्ट्र नेपाल की ओर से बैठक का संचालन एपीएफ, नेपालगंज की 30वीं बटालियन के पुलिस अधीक्षक शोवाकान्त खनाल ने किया। उनके साथ एपीएफ नेपाल के उप पुलिस अधीक्षक विक्रम मणि अधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक में सीमा क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने, सीमा सुरक्षा को सुदृढ़ करने, आपसी विश्वास बढ़ाने और दोनों देशों के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस कमांडेंट स्तरीय बैठक का उद्देश्य भारत-नेपाल के बीच सदियों पुरानी मैत्रीपूर्ण परंपरा को और अधिक मजबूत करना तथा द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा प्रदान करना था।