नैनी में 25 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त:पीडीए ने जोन 4 में पांच जगहों पर की कार्रवाई

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने सोमवार, 17 नवंबर को जोन-04 क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान के तहत नैनी और देवघरा क्षेत्र में पांच स्थानों पर कुल 25 बीघा अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और मौके के निरीक्षण के बाद की गई। पहली कार्रवाई देवघरा उपरहार और नैनी के आसपास हुई। यहां स्टालिन सिंह पुत्र आरुण सिंह और अन्य द्वारा लगभग 03 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। पीडीए टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इस क्षेत्र में अवैध विकासखोरी की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। दूसरी कार्रवाई रमसा रोड, नैनी देवघरा क्षेत्र में की गई। अनूप मिश्रा उर्फ बब्लू मिश्रा पुत्र अरुण कुमार मिश्रा द्वारा लगभग 10 बीघा कृषि भूमि पर बिना अनुमति के लेआउट काटकर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। पीडीए ने इस भूमि को मुक्त कराया। इसके बाद तीसरी कार्रवाई जनपूज्य स्कूल के उत्तर, नैनी क्षेत्र में हुई। यहां अंकित मिश्रा और अन्य व्यक्तियों द्वारा करीब 05 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉट कटिंग को पीडीए टीम ने ध्वस्त किया। चौथी कार्रवाई में अजय यादव और अन्य द्वारा मेवाड़ ओमकार के पास लगभग 03 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को हटाया गया, साथ ही मौके पर मौजूद निर्माण सामग्री भी हटवाई गई। अंतिम कार्रवाई जनपूज्य के पीछे नैनी क्षेत्र में की गई। यहां श्री अमर लाल और अन्य द्वारा करीब 04 बीघा भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग की गई थी। पीडीए टीम ने पूरी अवैध संरचना को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस पूरे अभियान में जोनल अधिकारी के साथ-साथ अधिशासी अभियंता, सुपरवाइजर, प्रवर्तन टीम और थाना नैनी की पुलिस भी मौजूद रही। सभी संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सूचना रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।