नॉनवेज खाते पुजारी की तस्वीर वायरल, भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा:कानपुर में मंदिर से घसीटकर निकाला, बोले- धर्म भ्रष्ट कर रहा है

कानपुर में एक मंदिर के पुजारी की नॉनवेज खाते हुए तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस पर लोग भड़क गए। करीब 50-60 लोग मंदिर पहुंचे और पुजारी को मंदिर परिसर से बाहर बुलाने लगे। जब पुजारी बाहर आने में आनाकानी करने लगे तो कुछ लोग मंदिर के अंदर घुस गए और उन्हें घसीटते हुए बाहर ले आए। इसके बाद वायरल तस्वीर को लेकर उनसे सवाल-जवाब करने लगे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। गुस्साई भीड़ ने पुजारी पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। पुजारी खुद को बचाने के लिए भागने लगा तो लोगों ने उसे दौड़ाकर पीटा। मंदिर के आसपास की दुकानों में काम करने वाली महिलाएं बीच-बचाव के लिए आगे आईं। वे पुजारी को छोड़ देने की मिन्नतें करती रहीं, लेकिन भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ। लोगों ने कहा, पुजारी धर्म भ्रष्ट कर रहा है। करीब एक घंटे तक मौके पर हंगामा चलता रहा। यह घटना रविवार रात रावतपुर के केशवपुरम स्थित भूतेश्वर मंदिर की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह पुजारी को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। हालांकि, वायरल तस्वीर कहां की है, किसने खींची और किसने उसे सोशल मीडिया पर फैलाया, इसे लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं पुजारी ने पुलिस के सामने दावा किया है कि कुछ लोग उन्हें मंदिर से हटवाने की साजिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें बदनाम करने के लिए उनकी पुरानी तस्वीर को एडिट कर वायरल किया गया है। पहले 3 तस्वीरें- दो दिन पहले फोटो वायरल, मंदिर से बाहर करने की मांग
प्रशांत गिरी उर्फ गोलू पंडित, रावतपुर के भूतेश्वर मंदिर में पुजारी और महंत हैं। वह मंदिर परिसर में बने कमरे में ही रहते हैं। दो दिन पहले उनकी नॉनवेज खाते एक फोटो वायरल हुई। फोटो सामने आने के बाद लोग गुस्से में आ गए। धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाने लगे। मंदिर से बाहर करने की मांग करने लगे। बचाने आईं महिलाओं से भी मारपीट
रविवार रात कुछ लोग मंदिर पहुंचे और पुजारी से मारपीट कर दी। आसपास की महिलाएं पुजारी को बचाने आईं। उन्हें घेर कर बैठ गईं। भीड़ ने महिलाओं पर भी थप्पड़ बरसाए। हालात बेकाबू होते देख किसी ने डॉयल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पुजारी को भीड़ से छुड़ाया। पुजारी पर दुष्कर्म और छेड़छाड़ के आरोप
पुजारी प्रशांत गिरी की पिटाई के मामले में स्थानीय लोगों ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मस्वानपुर की रहने वाली एक महिला ने पुजारी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा भी दर्ज कराया था। इसके अलावा पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला ने बताया कि 10 जुलाई को जमीन पर कब्जा करने की नीयत से उन पर हमला किया गया था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। मामले में प्रशांत उर्फ गोलू पंडित और उनके पिता संतोष गिरी के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रशांत गिरी उर्फ गोलू पंडित शादीशुदा हैं। उनकी पत्नी का नाम पूजा गिरी है। दोनों की शादी करीब 8 साल पहले हुई थी। उनके दो बेटियां और एक बेटा है। वीडियो से पीटने वालों की पहचान कर रही पुलिस थाने में घायल पुजारी प्रशांत गिरी ने रविवार देर रात शिकायत दी। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया- पीड़ित को भीड़ से सुरक्षित निकाल लिया है। उनकी शिकायत के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है। मारपीट का वीडियो भी मिला है। उसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। ——————- ये खबर भी पढ़िए- इंजीनियर भाई-बहन साथ घूमते, लॉन्ग ट्रिप पर जाते थे: REEL में परफेक्ट दिखती थी केमेस्ट्री; फिर क्यों 84 चाकू मारकर बहन की हत्या की? मुरादाबाद में इंजीनियर भाई ने जिस बहन को चाकू से 84 वार करके मार डाला, वह उसी बहन पर जान छिड़कता था। बहन को घुमाना, नौकरी से छुट्‌टी दिलाकर वीकएंड पर लॉन्ग ट्रिप पर ले जाना…यहां तक कि उसके साथ हर रोज नई-नई रील्स बनाना, हार्दिक की आदत में था। दोनों रील्स में खुश नजर आते थे। उनके बीच की केमिस्ट्री परफेक्ट थी। दोनों साथ में घूमते थे। हार्दिक सोशल मीडिया पर लड़कियों को आजादी देने और उन्हें लड़कों से ज्यादा हक देने की वकालत भी करता था। पढ़ें पूरी खबर…