नोएडा में पिता ने डाटा, बीटेक छात्र ने सुसाइड किया:हॉस्टल की चौथी मंजिल से कूदा, वार्डन ने शिकायत की थी

नोएडा में पिता की डांट से आहट बीटेक छात्र ने हॉस्टल की चौथी मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। हॉस्टल मैनेजमेंट स्टाफ उदित सोनी को अस्पताल लेकर पहुंचा। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही उसके साथी छात्र हॉस्टल के बाहर इकट्‌ठा हो गए। हंगामा कर दिया। करीब आधे घंटे तक बवाल होता रहा। छात्रों ने सड़क पर खड़ी 5 बसों में तोड़फोड़ कर दी। उसके शीशे तोड़ दिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार्रवाई का आश्वासन देकर छात्रों को शांत कराया। छात्रों का आरोप है कि मैनेजमेंट के टॉर्चर से परेशान होकर उदित ने जान दे दी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। घटना शुक्रवार रात नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र की है। सबसे पहले दो तस्वीरें- अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला वार्डन ने पिता से शिकायत की थी
उदित सोनी (28) झांसी के भोगनीपुर का रहने वाला था। ​पिता ज्वेलर हैं। एक बड़ी बहन है। उदित गलगोटिया यूनिवर्सिटी में बीटेक सेकेंड ईयर का छात्र था। दोस्तों ने बताया- वह रात में करीब 10 बजे दोस्त कुलदीप और चेतन के साथ पार्टी कर हॉस्टल आया था। उसने शराब पी रखी थी। इसलिए वार्डन ने उसे गेट पर ही रोक लिया। वीडियो कॉल पर उसके पिता विजय सोनी से बात कराई। बताया कि उदित शराब पीकर आया है। पहले भी ऐसा कर चुका है। पिता ने नाम कटवाने की बात कही थी
उदित के दोस्तों ने बताया- वार्डन की बात सुनकर पिता ने डांट लगाई। कहा कि वह यूनिवर्सिटी आ रहे हैं। उसका नाम कटवाकर घर वापस ले आएंगे। बाद पिता ने वार्डन से बात की और आश्वासन दिया कि उदित अब ऐसा नहीं करेगा। तब वार्डन ने उदित को जाने दिया। उदित सीधे कमरे में गया। थोड़ी देर तक कमरे में रहा। रात 11 बजे हॉस्टल की चौथी मंजिल पर पहुंचा और छलांग लगा दी। मौत की खबर सुन दोस्तों ने हंगामा किया
तेज धमाके की आवाज सुनकर हॉस्टल का स्टाफ मौके पर पहुंचा। देखा कि उदित के सिर से खून बह रहा था। फौरन एम्बुलेंस से प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए। वहां पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उदित की मौत की सूचना जैसे ही उसके साथियों को हुई। उन्होंने हंगामा कर दिया। वार्डन के खिलाफ में नारे लगाने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। छात्रों ने बताया- उदित रात में शराब पीकर हॉस्टल आया था। वार्डन ने उसके पिता से इसकी शिकायत कर दी। जिस पर उसके पिता ने उसे बुरी तरह से डांटा था। इसलिए उसने गुस्से में जान दे दी। अगर वार्डन ने तुरंत शिकायत करने की बजाय समझदारी से काम लिया होता तो उदित आज जिंदा होता। इसलिए वार्डन समेत अन्य स्टाफ पर कार्रवाई होनी चाहिए। वार्डन ने मारा-पीटा, जलील किया गलगोटिया यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाला हर्षित मृतक छात्र उदित का दोस्त है। हर्षित कॉलेज बीबीए कर रहा है। उनसे बताया- मैं उसी के साथ पड़ता हूं और हॉस्टल में साथ ही रहता हूं। उदित का रूममेट उसका दोस्त चेतन है। हालांकि मैं उसके बराबर वाले कमरे में रहता हूं। रात में उसके साथ ही आया था। हम लोगों ने ड्रिंक किया हुआ था। उसको लेकर वार्डन ने हमसे 10,000 रुपए फाइन मांगा। जो कि हमने दे भी दिया। लेकिन इसके बाद भी वार्डन ने और वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी बदतमीजी की। इसी बात से उदित काफी परेशान हो गया और रात में करीब 11:30 बजे के आसपास वह वॉशरूम करने के बहाने रूम से निकला और फिर ऊपर से उसने नीचे छलांग लगा दी। उसे नीचे गिरते हुए चेतन ने देख लिया। इसके बाद हम सभी लोग इकट्ठा हुए। तुरंत उसे अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्र के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने हॉस्टल के मालिक, प्रबंधक वार्डन सहित कुल 7 लोगों के खिलाफ शिकायत देते हुए कहा है कि उन लोगों ने मेरे बेटे से अवैध उगाही की और उसके बाद मारपीट की। उसी की वजह से उसने आत्महत्या की है। पुलिस बोली- छात्रों और हॉस्टल मैनेजमेंट से होगी पूछताछ
एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया- रात में छात्र के सुसाइड की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी लेने के बाद उसके परिजन को सूचना दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में छात्रों और हॉस्टल मैनेजमेंट से पूछताछ की जा रही है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ———————– ये खबर भी पढ़ें… सहारनपुर में डायमंड शोरूम में 2 करोड़ की चोरी:दीवार में एक फीट का छेद किया, दरवाजा तोड़ा; कैरेटलेन में 20 CCTV लगे थे सहारनपुर में एक डायमंड शोरूम में बड़ी चोरी हुई। चोरों ने गुरुवार देर रात टाटा कंपनी की जानी-मानी डायमंड फ्रेंचाइजी ‘कैरट लेन’ को निशाना बनाया। 2 लाख कैश और करोड़ों रुपए के गहने चुराकर भाग गए। शुक्रवार सुबह जब स्टाफ शोरूम खोलने पहुंचा तो दीवार टूटी मिली। पढ़ें पूरी खबर…