न्यू ईयर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम:नए साल की तैयारी में मेरठ पुलिस, सुरक्षा को लेकर शहरभर में निगरानी

नए साल को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों आबूलेन और बेगमपुल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। एसएसपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी खुद सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। प्रमुख चौराहों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर चेकिंग अभियान चलाया, वहीं देर रात तक पैदल गश्त और पेट्रोलिंग जारी रही। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नए साल का जश्न शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाया जाए। शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। हाईवे से शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख रास्तों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। मोदीपुरम में खासतौर पर निगरानी बढ़ाई गई है, जहां संदिग्ध गतिविधि दिखने वाली गाड़ियों को रोककर सघन चेकिंग की जा रही है। इसके अलावा कमिश्नरी चौराहा और हापुड़ अड्डे पर भी पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखे हुए है। अधिकारियों के अनुसार, नए साल के जश्न के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए यह कदम उठाए गए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे चेकिंग के दौरान सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि नए साल का स्वागत शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में किया जा सके।