विदेशों में नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने के शातिर पति-पत्नी को पंजाब पुलिस ने वृंदावन की हाईराइज हाउसिंग सोसाइटी हरे कृष्णा आर्किड से धर दबोचा है। पंजाब पुलिस ठग बंटी बबली को मेडिकल जांच करवाकर अपने साथ ले गई । स्थानीय पुलिस द्वारा भी ठग दंपत्ति की तफ्तीश शुरू कर दी गई है। पति-पत्नी लंबे समय से कबूतरबाजी के गोरखधंधे में लिप्त थे। यह दोनों कनाडा,दुबई,UAE,मलेशिया,सिंगापुर आदि देशों में नौकरी लगवाने और फर्जी कागजातों के आधार पर वीजा बनवाने के नाम पर युवाओं के साथ ठगी करते थे। चार गाड़ियों से आए थे पंजाब के 15 पुलिस कर्मी मंगलवार की सुबह पंजाब पुलिस की चार गाड़ियों ने अचानक शहर की हाईराइज हाउसिंग सोसायटी हरे कृष्णा आर्किड में दबिश दी तो सोसायटी में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार पंजाब पुलिस के लगभग 15 से अधिक जवान सीधे बी ब्लॉक के फ्लैट नम्बर 812 में पहुंचे और फ्लैट में रहने वाले दंपत्ति को अपनी हिरासत में ले लिया। जब तक पड़ोसी कुछ माजरा समझ पाते तब तक पंजाब पुलिस की गाड़ियां दंपत्ति को लेकर वृन्दावन कोतवाली रवाना हो गई। युवाओं को फर्जी तरीके से विदेश भेजने के नाम पर करते थे ठगी पंजाब के जिला मलेरकोटला पुलिस ने सर्किल ऑफिसर मानवजीत सिंह संधू के नेतृत्व में पटियाला निवासी सौरभ गुप्ता और उसकी पत्नी प्रगति गुप्ता की तलाश में दविश मारी थी। जिन पर पंजाब के अलग अलग शहरों में बेरोजगार युवकों को नौकरी के बहाने फर्जी कागजात तैयार कर विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के कई मुकदमे दर्ज थे। कोतवाली वृन्दावन में आमद कराने के बाद पंजाब पुलिस दंपत्ति का चिकित्सीय परीक्षण करवाकर पंजाब ले गई है। वृंदावन पुलिस भी जुटी जांच में वृंदावन कोतवाली पुलिस द्वारा भी दंपति के स्थानीय रहन सहन की जांच शुरू कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक मुख्य आरोपी सौरभ गुप्ता विगत डेढ़ वर्ष से हरे कृष्णा आर्किड में रह रहा था। उक्त फ्लैट उसके परिजन अजय गुप्ता का है। शातिर पति पत्नी द्वारा हाईराइज हाउसिंग सोसायटी में करीब एक दर्जन से अधिक फ्लैट किराए पर लेकर निजी रूप से होटल भी संचालित किया जा रहा था। जिसे लेकर पड़ोस में रहने वाले लोगों से उसका कई बार विवाद भी हो चुका था। जिसकी शिकायत पुलिस में भी कराई गई थी। कबूतरबाजी के धंधे में थे लिप्त पति पत्नी लंबे समय से कबूतरबाजी के गोरखधंधे में लिप्त थे। यह दोनों कनाडा,दुबई,UAE,मलेशिया,सिंगापुर आदि देशों में नौकरी लगवाने और फर्जी कागजातों के आधार पर वीजा बनवाने के नाम पर युवाओं के साथ ठगी करते थे। यह दोनों बिना किसी वैद्य पेपर के अवैध रूप से फ्लैट में होटल संचालित कर रहे थे। इन पति पत्नी से पुलिस ने 12 कमरों की चाबी भी जब्त की। यहां बताया जा रहा है कि ग्राहकों से आई डी भी नहीं ली जाती थी।