लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में फिलहाल कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। प्रारंभिक जांच में आया है कि पति ने मजाक पत्नी को बंदरिया कहा था, इससे आहत होकर उसने सुसाइड कर लिया। इंदिरानगर निवासी तन्नु सिंह अपने पति राहुल सिंह के साथ रहती थीं। वह मॉडलिंग करती थी। तन्नु की बहन अंजली के अनुसार, बुधवार शाम परिवार के सदस्य सीतापुर से एक रिश्तेदार के घर से लौटे थे। घर पहुंचने के बाद सभी लोग आपस में हंसी-मजाक कर रहे थे। नाराज होकर कमरे में गई और फांसी लगा ली इसी दौरान राहुल ने मजाक में तन्नु को बंदरिया कह दिया, जिससे वह आहत हो गई। नाराज होकर अपने कमरे में चली गई। परिजनों को लगा कि कुछ देर में वह सामान्य हो जाएगी। करीब एक घंटे बाद खाने के समय आवाज देने पर भी तन्नु ने कोई जवाब नहीं दिया। परिवार के लोग कमरे में पहुंचे। वहां तन्नु का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने बताया कि तन्नु को मॉडलिंग का शौक था। वह इसे लेकर काफी संवेदनशील थी। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।