सहारनपुर में एक युवक ने अपनी पत्नी की कथित अवैध दूसरी शादी और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल शुरू कर दी है। युवक का नाम रवि कुमार है। वह मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचा। रवि कुमार ने बताया कि उसकी शादी 2 जुलाई 2018 को शोषन उर्फ राधिका से हुई थी। वैवाहिक विवाद के कारण मामला न्यायालय पहुंचा, जहां अदालत ने पत्नी को पति के साथ रहने का आदेश दिया था। रवि के अनुसार, पत्नी की ओर से उस पर लगाए गए धारा 498ए और घरेलू हिंसा के सभी मुकदमों में न्यायालय ने उसे निर्दोष पाया था। उसका आरोप है कि इन सबके बावजूद अगस्त 2023 में उसकी पत्नी ने बिना तलाक लिए दीपक नामक युवक से दूसरी शादी कर ली। रवि का दावा है कि इस विवाह से एक बच्चा भी पैदा हुआ है, जबकि कानूनी तौर पर उसकी पत्नी अभी भी उसी की है। रवि ने यह भी बताया कि उसकी पत्नी उसके सोने-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े और लगभग 50 हजार रुपये नकद लेकर चली गई थी, जो आज तक बरामद नहीं हुए हैं। रवि कुमार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि मुख्यमंत्री पोर्टल 1076 सहित कई स्तरों पर शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने मामले में गलत रिपोर्ट लगाई। उसके केस में पहले आईपीसी की धारा 406, 494 और 120बी लगाई गई थीं, लेकिन बाद में कथित मिलीभगत के चलते धारा 494 और 120बी हटा दी गईं। पीड़ित का आरोप है कि चौकी इंचार्ज और विवेचक ने फर्जी बयान और हस्ताक्षर दिखाकर केस को कमजोर करने का प्रयास किया। रवि ने बताया कि उसने थाना स्तर से लेकर एसएसपी, डीआईजी, एडीजी और डीएम तक कई बार प्रार्थना पत्र दिए हैं। एसएसपी द्वारा एसआईटी गठित करने की बात कही गई थी, लेकिन रवि को एसआईटी की जांच पर भी भरोसा नहीं है। पीड़ित ने यह भी बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो चुका है और वह स्वयं गंभीर बीमारी से ग्रसित है। उसे विपक्षीगण से जान-माल का खतरा बना हुआ है।