कानपुर देहात के अंबेडकर नगर में किराए के मकान में रह रहे एक लोडर चालक का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला है। मृतक की पहचान उन्नाव जनपद के शुक्लागंज निवासी अजय उर्फ कल्लू (32) के रूप में हुई है। वह पिछले दो दिनों से कमरे से बाहर नहीं निकला था। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए मंगलवार शाम कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा। देर रात पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पत्नी से था प्रेम विवाह अजय राजपुर के अंबेडकर नगर में शिक्षक मनफूल सिंह के मकान में किराए पर रहता था और लोडर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसने 2022 में मध्य प्रदेश के रीवा निवासी साक्षी से प्रेम विवाह किया था। वह करीब दो साल से अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ राजपुर में रह रहा था। पड़ोसियों ने बताया कि एक महीने पहले अजय की पत्नी बच्चों को लेकर मध्य प्रदेश स्थित अपने मायके चली गई थी, जिससे अजय काफी परेशान रहता था। पड़ोसियों के अनुसार, अजय रविवार शाम घर आया था और उसके बाद वह घर से बाहर नहीं निकला। पत्नी से झगड़े के बाद अवसाद में था मृतक घटना की सूचना मिलने पर अजय के बहनोई उमाकांत ने पुलिस को बताया कि पत्नी से झगड़े के बाद वह बच्चों के साथ मायके चली गई थी, जिससे अजय अवसाद में था और उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष सनत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का समय और कारण स्पष्ट हो पाएगा।