झांसी में एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसकी पत्नी मायके गई थी, जिसे लेने युवक ससुराल पहुंचा। लेकिन, पत्नी ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। कहने लगी- मैं अब अपने बॉयफ्रेंड के साथ ही रहूंगी। तुमसे कोई लेना-देना नहीं। पत्नी की इस बात से परेशान युवक बाइक से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में उसकी दूसरे बाइक से टक्कर हो गई। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। युवक के पिता का कहना है कि बहू अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी। उसी ने साजिश के तहत एक्सीडेंट कराकर मेरे बेटे को मरवा दिया। हादसा नवाबाद थाना क्षेत्र के कोंछाभांवर गांव के पास हुआ। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला 4 साल पहले शादी हुई थी
मृतक की पहचान कमलेश (24) पुत्र बृजकिशोर कुशवाहा के रूप में हुई है। वह बरुआसागर क्षेत्र के बनगुआं गांव का रहने वाला था। कमलेश के पिता बृजकिशोर कुशवाहा ने बताया- बेटे कमलेश की शादी साल 2021 में हुई थी। उसके कोई संतान नहीं थी। शुरुआत में सब कुछ सामान्य चल रहा था। बहू चोरी-छिपे छपरा गांव के एक युवक से बातचीत करती थी। यह बात हम लोगों को नहीं पता थी। करीब 4 महीने पहले बेटे ने अपनी पत्नी को बॉयफ्रेंड से बात करते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद बेटे और बहू के बीच झगड़ा हो गया था. तब हमें भी बहू के अपेयर के बारे में पता चला था। हम लोगों ने बहू को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं मानी। करीब 2 महीने पहले बहू अपने मायके चली गई थी। पत्नी ने आने से मना कर दिया
हम लोग बहू को बार-बार घर बुला रहे थे, लेकिन वह आने से इनकार कर रही थी। उसका कहना था कि वह अब अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी। शनिवार को मेरा बेटा कमलेश उसे लेने के लिए बड़ागांव गया था। वहां बहू ने घर आने से साफ मना कर दिया। इसी बात को लेकर वहां झगड़ा हो गया। इसके बाद मेरा बेटा बाइक से घर लौट रहा था। कोंछाभांवर के पास एक बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर हम लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां हमें बेटे का शव मिला। मौत की सूचना मिलने पर भी बहू नहीं आई
पिता बृजकिशोर कुशवाहा ने बताया- बेटे की मौत की सूचना बहू और उसके परिवार को दी गई थी, लेकिन वे लोग नहीं आए। बहू ने ही बेटे को रास्ते से हटाने के लिए साजिश के तहत एक्सीडेंट करवाया है। अब हम चाहते हैं कि हमारे बेटे को इंसाफ मिले और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी निखिल ठाकुर ने बताया- दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हुई थी। इसमें एक बाइक पर सवार कमलेश की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार 3 लोग घायल हुए हैं। कमलेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। —————–
यह खबर भी पढ़ें- यूपी में ‘घूसखोर पंडत’ के खिलाफ ब्राह्मणों का अर्धनग्न प्रदर्शन, अपर्णा बोलीं- यह ठीक नहीं यूपी में मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के नाम को लेकर विरोध जारी है। आगरा में ब्राह्मण समाज के लोगों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया और शंखनाद किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ब्राह्मणों का अपमान बंद होना चाहिए। उनकी सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को बार-बार आहत किया जाता है। पढ़िए पूरी खबर….