लखनऊ के गाजीपुर थानाक्षेत्र में पैथोलॉजी में काम करने वाले युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव सेक्टर-25 में ओवर ब्रिज के नीचे पड़ा मिला। युवक पत्नी से झगड़े के बाद घर से निकला था। भाई ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। बाराबंकी जिले के मदारपुर गांव की रहने वाली अभिषेक रावत (23) ने करीब एक साल पहले गुड़िया से लव मैरिज की थी। शादी के बाद पति-पत्नी गाजीपुर के इंदिरा नगर सेक्टर-19 में किराए के मकान में रह रहे थे। अभिषेक पास के एक निजी अस्पताल में ब्लड सैंपलिंग का काम करता था, जबकि गुड़िया प्राइवेट नौकरी करती थी। पति की गुमशुदगी की तहरीर दी बुधवार देर शाम पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद अभिषेक घर से पैदल निकल गया। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो गुड़िया ने नजदीकी पुलिस चौकी पहुंचकर पति की गुमशुदगी की तहरीर दी। पत्नी ने शव की पहचान की गुरुवार सुबह सेक्टर-25 रिंग रोड ओवरब्रिज के नीचे एक अज्ञात युवक का शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन के बाद शिनाख्त के लिए गुड़िया को बुलाया गया। मौके पर पहुंचकर गुड़िया ने शव की पहचान अपने पति अभिषेक रावत के रूप में की। घटना की सूचना पर मृतक का भाई आशीष भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचा। उसने अपने भाई की हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में इंस्पेक्टर गाजीपुर राजेश मौर्य का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।