कन्नौज के छिबरामऊ तहसील क्षेत्र के तालग्राम स्थित श्री राधेश्याम इंटर कॉलेज उमरपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका लेकर भाग गया। यह घटना बुधवार को पहली पाली की परीक्षा में हुई, जिससे केंद्र पर अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, हजेला इंटर कॉलेज के हाई स्कूल के छात्र शिवाकांत ने परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रश्न पत्र शीट जमा की और अपनी उत्तर पुस्तिका लेकर केंद्र से बाहर चला गया। उत्तर पुस्तिका कम पाए जाने पर उसकी तलाश शुरू की गई। करीब एक घंटे बाद उत्तर पुस्तिका बरामद कर ली गई, जिसके बाद केंद्र व्यवस्थापक ने राहत की सांस ली।
केंद्र व्यवस्थापक प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार ने बताया कि कक्ष निरीक्षकों की लापरवाही के कारण छात्र कॉपी लेकर बाहर चला गया था। इस मामले में ड्यूटी पर तैनात सहायक शिक्षक सत्यजीत अवस्थी और खुर्शीद ताजी की लापरवाही को देखते हुए उन्हें हटाने की संस्तुति कर दी गई है।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट आशीष कुमार ने पुष्टि की कि परीक्षार्थी कक्षा से उत्तर पुस्तिका लेकर केंद्र से बाहर चला गया था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर अवगत करा दिया गया है।