उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के स्वार क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि उसने उसे मृत घोषित कर दूसरी शादी कर ली। पीड़ित महिला अपने बच्चों के साथ पुलिस अधीक्षक के पास न्याय की गुहार लेकर पहुंची है। स्वार कोतवाली के मोहल्ला रसूलपुर निवासी शन्नो ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका निकाह 8 दिसंबर 2017 को उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र के सरवाखेड़ा बड़ा गांव निवासी सद्दाम हुसैन से हुआ था। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक पांच साल की बेटी और एक तीन साल का बेटा शामिल है। शन्नो का आरोप है कि लगभग चार साल पहले जब वह गर्भवती थी, तब उसके पति ने दूसरी शादी करने की धमकी देते हुए उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह अपने मायके में रहने को मजबूर है।
पीड़िता का कहना है कि हाल ही में उसे जानकारी मिली कि उसके पति ने उसे मृत बताकर एक अन्य महिला से दूसरा निकाह कर लिया है। यह महिला पहले से एक बच्चे की मां है। शन्नो ने आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर वह लगातार पुलिस से गुहार लगा रही थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह अपने जिंदा होने के प्रमाण और बच्चों के दस्तावेजों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने पीड़िता के प्रार्थना पत्र पर तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने थाना प्रभारी स्वार को पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, आरोपी पति सद्दाम हुसैन ने इन आरोपों पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। फिलहाल, यह मामला जांच के दायरे में है।