वाराणसी में एक युवती ने शादी के 15 महीने बाद आत्महत्या कर ली। कमरे में उसकी लाश फंदे से लटकती मिली। शव के पास सुसाइड नोट भी मिला है। ससुराल वालों के टॉर्चर की बात लिखी है। युवती ने लिखा- मेरे मां-बाप ने मुझे बड़े लाड-प्यार से पाला था, लेकिन वो प्यार मुझे ससुराल में नहीं मिला। मैं अपने पापा की प्रिंसेस हूं। ससुराल वालों ने 7 फरवरी को मुझे गालियां दीं। मार-पीट की। मुझे घर से बाहर निकाल दिया। मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इससे परेशान होकर आत्महत्या कर रही हूं। घटना शुक्रवार को शिवपुर थानाक्षेत्र के महादेवपुरम कॉलोनी की है। युवती की पहचान काजल राय के रूप में हुई है। पति, बैंक ऑफ इंडिया की मलदहिया ब्रांच में असिस्टेंट मैनेजर हैं। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने सुसराल के 10 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। फिलहाल घरवाले फरार हैं। आत्महत्या के 18 दिन पहले पुलिस से की थी शिकायत आत्महत्या के करीब 18 दिन पहले 9 फरवरी को काजल राय (26) ने शिवपुर थाने में भी दहेज के लिए प्रताड़ना की शिकायत की थी। इसमें पुलिस को बताया गया कि उसकी शादी 16 नवंबर, 2024 को नितेश कुमार सिंह के साथ हुई थी। ससुरालवालों ने शादी में करीब 80 लाख रुपए खर्च करवाए थे। ससुराल आने के कुछ दिन तक सब ठीक था। इसके बाद दहेज में कार की मांग होने लगी। कार के लिए आए दिन मुझे मारते-पीटते और धमकी देते। काजल की शिकायत के बाद पुलिस ने पति नितेश कुमार सिंह, जेठ विवेक कुमार सिंह, अभिषेक कुमार सिंह, जेठानी प्रिया सिंह, आंचल सिंह और सास कनकलता सिंह को प्रताड़ना का आरोपी बनाया था। पिता बोले- रिश्ता बचाने के लिए बेटी को जबरदस्ती ससुराल छोड़ा था बेटी की मौत की सूचना के बाद ससुराल पहुंचे पिता नीरज राय का रो-रोकर बुरा हाल था। बेटी के शव से लिपटकर रोते रहे। कहा- बेटी प्रताड़ना की वजह से ससुराल में रहना नहीं चाहती थी। घर न बिखरे इसलिए दबाव डालकर ससुराल छोड़ा था। महंगी कार के लिए बेटी को पीटा गया। पिता ने कहा- तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। जब से बेटी ने पुलिस से शिकायत की थी। तब से उसे घर के तीसरे फ्लोर पर कैद कर दिया गया था। किसी से उसकी बातचीत नहीं करने दी जा रही थी। फोन नहीं लगा तो पिता और चाचा पहुंचे बेटी के घर चाचा अंबुज राय ने बताया- हम लोग दोपहर से फोन ट्राई कर रहे थे। फोन नहीं उठा तो हम लोग बेटी के ससुराल पहुंच गए। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़वाया। कमरे में काजल फंदे से लटक रही थी। ससुराल के लोग फरार थे। पिता की तहरीर पर 10 लोगों पर एफआईआर चंदौली के रहने वाले पिता नीरज राय की तहरीर पर शिवपुर थाने में दामाद नितेश कुमार सिंह, मृतक के जेठ विवेक सिंह, अभिषेक सिंह, जेठानी प्रिया सिंह, सास कनकलता सिंह, ननद नीतू सिंह, अमित सिंह, देवर अनूप सिंह, नरेंद्र प्रताप सिंह और प्रमिला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या सहित कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। तहरीर के अनुसार, ससुराली दहेज के लिए काजल को प्रताड़ित करते थे। उसे अलग-थलग कर दिया था। जेठानी ने पानी गर्म करने वाले रॉड से करंट लगाकर मारने का प्रयास किया था। जबकि दोनों जेठ गलत नियत रखते थे। ये बात बेटी फोन करके कई बार बता चुकी थी। ———————– ये खबर भी पढ़ें… बेटी के ससुरालवालों की पिटाई से बुजुर्ग की मौत: लखनऊ में सिर पर फावड़ा मारा, लोकबंधु में इलाज के दौरान दमतोड़ा लखनऊ में बंथरा थाना क्षेत्र में बेटी के ससुराल वालों की पिटाई से घायल एक बुजुर्ग की ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 61 साल के राम नरेश के रूप में हुई है। आरोप है कि बेटी की शादी के बाद से ही ससुरालवाले दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। पूरी खबर पढ़ें…