पावर प्लांट पहुंची सीडीओ दीक्षा जैन:अटल आवासीय विद्यालय में IIT/NEET फाउंडेशन कक्षाएं शुरू, NUPPL के योगदान की सराहना

घाटमपुर के यमुना तटवर्ती स्थित नेयवेली उत्तर प्रदेश पावर लिमिटेड (NUPPL) द्वारा अपने सीईआर/सीएसआर कार्यक्रमों के अंतर्गत अटल आवासीय विद्यालय (ARS), कानपुर में संचालित की जा रही IIT/NEET फाउंडेशन कक्षाओं के लिए किए गए सहयोग की गुरुवार को आयोजित समारोह में सराहना की गई। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों एवं NUPPL के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।
अटल आवासीय विद्यालय उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। NUPPL के सहयोग से शुरू किया गया यह IIT/NEET फाउंडेशन कोर्स राज्य के 13 अटल आवासीय विद्यालयों में पहली बार लागू किया गया है, जिसे शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है। समारोह को संबोधित करते हुए आयुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने कहा कि “NUPPL द्वारा किया गया यह सहयोग केवल एक शैक्षणिक पहल नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक मजबूत कदम है।
IIT और NEET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं के लिए प्रारंभिक स्तर पर मार्गदर्शन मिलना बच्चों के भविष्य को नई दिशा देता है। ARS के विद्यार्थियों के लिए NUPPL की भूमिका अत्यंत सराहनीय है।” NUPPL के सीईओ एस. दुरई कुमार ने कहा, “समुदाय के समग्र विकास के लिए NUPPL सदैव प्रतिबद्ध रहा है। अटल आवासीय विद्यालय के प्रतिभाशाली बच्चों को उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना हमारे लिए गर्व की बात है। हमें विश्वास है कि यह फाउंडेशन कोर्स बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।” कानपुर नगर की मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि “ARS के बच्चों के लिए यह फाउंडेशन कोर्स एक गेम-चेंजर साबित होगा। NUPPL ने जिस दूरदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ इस पहल को समर्थन दिया है, उससे बच्चों की शैक्षणिक क्षमता के साथ-साथ आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।”