पिकअप की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत:पत्नी को दवा दिलाने जा रहा था, लोहिया अस्पताल में तोड़ा दम

फर्रुखाबाद में एक सड़क हादसे में मजदूर की मौत हो गई। कमालगंज में एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मजदूर अपनी पत्नी के लिए दवा लेने जा रहा था और उपचार के दौरान लोहिया जिला अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान कन्नौज के गुरसहायगंज स्थित रजलामऊ निवासी रामजीत (42) पुत्र गंगादीन के रूप में हुई है। यह हादसा कमालगंज में सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल रामजीत को पहले सीएचसी कमालगंज ले जाया गया, जहां से उसे लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी हालत गंभीर बनी रही और उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था। शुक्रवार शाम को रामजीत ने लोहिया जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। ईएमओ अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सूचना भेज दी गई है। रामजीत अपने परिवार में इकलौता कमाने वाला था। उसकी पत्नी रिंकी देवी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।